हादसा:4 दोस्तों ने नहर किनारे बैठकर पार्टी की, दो दोस्तों की आंखों के सामने दो डूबेआवर्धन नहर के किनारे पर लगे मिट्टी के कट्टों पर बैठ पहले सेल्फी ली, फिर मुंह धाेते समय एक का पैर स्लिप हुआ
दूसरा बचाने के लिए नहर में उतरा तो बहाव में बह गया
पुराना हमीदा हेड पर दो दोस्त नहर में डूब गए। चार दोस्त नहर किनारे पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी कर नहर किनारे सेल्फी लेने में जुट गए। बारिश के सीजन में ज्यादा पानी आने से टूटी नहर की पटरी पर सिंचाई विभाग ने मिट्टी भरकर कट्टे लगाए हुए थे। इन्हीं पर बैठकर पहले सेल्फी ली और फिर मुंह धोने लग गए।
इसी दौरान पिरथीपुर निवासी 22 साल के गौरव का कट्टे से पैर स्लिप हो गया और वह नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए पुराना हमीदा के अभिषेक ने हाथ पकड़ा तो वह भी नहर में जा गिरा। दोनाें पानी के तेज बहाव में बह गए। नहर किनारे खड़े उनके दोस्त हमीदा निवासी सागर और गांव ललहाड़ी निवासी संदीप ने बचाने के लिए शोर मचाया लेकिन उस समय कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं था जिसे तैरना आता हो।
सागर और संदीप चिल्लाते रहे लेकिन कोई बचाने के लिए नहर में नहीं कूदा। जब तक गोताखोर पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। कई घंटे तक गोताखोरों ने नहर में दोनों की तलाश की लेकिन पता नहीं चला था। सूचना मिलते ही मौके पर डीआरओ अभिषेक और डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद पहुंचे थे। नहर में डूबे सागर के अनुसार गौरव ने शराब पी थी, लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं करते।
चारों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे, नाइट शिफ्ट लगाकर आए थे
नहर में डूबे अभिषेक, गौरव और उनके दोस्त सागर व संदीप मानकपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। चारों नाइट शिफ्ट लगाकर आए थे। अभिषेक घर पर अपना सामान रखकर तभी बाहर आ गया था। वहीं सागर भी कुछ देर के लिए गया और फिर आ गया था। इसके बाद चारों ने नहर किनारे पार्टी की। अभिषेक के पिता संजीव ने बताया कि बेटा बिना बताए घर से दोपहर के समय निकला था। बाद में उसके डूबने का पता चला। वहीं गौरव के भाई गौतम ने बताया कि शुक्रवार रात को ड्यूटी पर गया था। सुबह घर नहीं आया। बाद में नहर में डूबने की सूचना मिली। अभिषेक अपने सात भाई बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं गौरव भी बड़ा भाई था।
यहां कई लोग सेल्फी के चक्कर में गवां चुके जान
हमीदा हेड पर घूमने गए युवकों के डूबने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां पर इस तरह के हादसे हो चुके हैं। पिछले साल भी दो युवक हमीदा के यहां डूबे थे। बहुत से लोग यहां पर घूमने आते हैं तो कुछ यहां पार्टी करने आते हैं। यहां नहर के किनारे टूटे हुए हैं। बहुत से लोग इन किनारों के पास जाकर नहर के पानी से हाथ धोना चाहते हैं या फिर मस्ती करते हैं जोकि जानलेवा बन जाता है।
सेल्फी लेकर मुंह धोने लगा तो पैर स्लिप होने से गिरा, जोर से चिल्लाया- मुझे तैरना नहीं आता
हम चार दोस्त दोपहर को नहर किनारे आए थे। यहां पर वे खा-पी कर बैठे थे। इसी दौरान गौरव और अभिषेक नहर किनारे जाकर सेल्फी लेने लग गए। सेल्फी लेने के बाद गौरव नहर में नीचे उतर गया और मुंह धोने लगा। उन्होंने उसे रोका भी। इस दौरान उसका पैर स्लिप हो गया और वह नहर में जा गिरा। अभिषेक ने उसे पकड़ा तो वह भी नहर में बह गया। इसके बाद उन्होंने बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा नहीं पाए। उसे तैरना नहीं आता था। वहीं अभिषेक और गौरव को भी तैरना नहीं आता था। अगर मौके पर कोई ऐसा व्यक्ति होता कि जिसे तैरना आता तो उनके दोस्त बच जाते। जो दोस्त उनके साथ थे, वे चंद सेकेंड में उनसे बिछड़ गए।