पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में सर्दी कम:शिमला में साल की पहली बर्फबारी; राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ादेश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को साल की पहली बर्फबारी हुई। शिमला के अलावा कुफरी, केलॉन्ग और कल्पा में भी बर्फ गिरी है। मौसम विभाग ने पहले ही 4 फरवरी को प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का अनुमान जता दिया था।दूसरी ओर मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में पारा लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, दिल्ली में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी। मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई है। यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी और छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है।छत्तीसगढ़ में बढ़ा तापमान, लेकिन जगदलपुर में शीतलहर
राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। हालांकि, रात का पारा सामान्य से एक से 5 डिग्री तक कम है। इस बीच जगदलपुर में सीजन की पहली शीतलहर चली। उत्तर और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में शीतलहर चलती है, लेकिन इस बार जनवरी और फरवरी कड़ाके की ठंड के साथ शीत लहर चल रही है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 12.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।भोपाल में 9 साल बाद फरवरी का सबसे गर्म दिन, इंदौर में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 3 फरवरी का दिन 9 साल बाद सबसे गर्म रहा। दिन का पारा सामान्य से 7 डिग्री ऊपर 32.7 डिग्री पर पहुंच गया। मंगलवार के मुकाबले इसमें 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। रात के तापमान में भी 2 डिग्री का इजाफा हुआ। रात में पारा 10वें दिन 11 डिग्री पार पहुंचा। दिन में तेज धूप रही।
इंदौर में पिछले एक दशक में यह दूसरा मौका है, जब फरवरी की शुरुआत इतनी गर्म हुई है। आमतौर पर 15 फरवरी के बाद तापमान सामान्य से ज्यादा होना शुरू होता है, लेकिन इस बार फरवरी के पहले दिन से ही तापमान 30 डिग्री से ज्यादा हो गया है।
2014 में 7 फरवरी को पारा 30.7 डिग्री तक गया था। दशक के बाकी सभी साल में औसत 15 फरवरी के बाद ही मौसम गर्म हुआ है। 1 फरवरी को पारा औसत से 1 डिग्री ज्यादा होकर 28.6 डिग्री था। फिर 2 फरवरी को 31 डिग्री दर्ज हुआ। इसके बाद 3 फरवरी को औसत से 3 डिग्री ज्यादा होकर 31.4 डिग्री दर्ज हुआ है।राजस्थान में 72 घंटे के अंदर मौसम ने लिया यूटर्न, दिन का पारा 4.5 डिग्री बढ़ा
राज्य में एकाएक सर्दी छूमंतर सी हो गई है। शीतलहर का दौर थमा हुआ है और धूप तापमान बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज बदला है, वहीं जयपुर सहित कुछेक जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। राजधानी में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। 72 घंटे में यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।
कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। देर रात प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ने के संकेत मिले। दौसा, धौलपुर, जयपुर, करौली, सीकर, भरतपुर, अलवर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में 6 जनवरी तक हल्की बारिश होने का अनुमान है।
हरियाणा में सामान्य से ज्यादा तापमान
जनवरी महीने में हिसार जिले में रात का तापमान 20 दिन सामान्य से कम रहा। इनमें से 4 दिन ऐसे रहे, जब तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक कम था। करनाल में 15 दिन और अम्बाला में 12 दिन सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया। यह कमी 3 से 5 डिग्री तक रही। बुधवार को रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा पहुंच गया। भिवानी में यह 11.8 डिग्री रहा। वहीं, दिन का तापमान 28.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक है।
पटना में दिन के साथ रात का भी तापमान बढ़ा
पटना सहित राज्य के 16 जिलों में बुधवार को हल्का कोहरा छाया। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान पूरी तरह साफ हो गया। करीब पांच घंटे धूप निकली। इससे दिन के साथ ही रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह स्थिति 24 घंटे रहने की उम्मीद है। उसके बाद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाने और 5-6 फरवरी को बारिश होने की संभावना है।