राजस्थान के 90 निकायों का चुनाव परिणाम:भाजपा को अजमेर नगर निगम समेत 24 बोर्ड में बढ़त, कांग्रेस के 20 बोर्ड बनना लगभग तयराजस्थान के 20 जिलों के 90 नगरीय निकायों में 28 जनवरी को चुनाव हुए थे। जनवरी के आखिरी दिन वोटों की काउंटिंग हुई। अजमेर नगर निगम समेत 24 बोर्ड भाजपा को बढ़त मिली है। वहीं, कांग्रेस के 20 बोर्ड बनना लगभग तय है। टोंक के निवाई और बीकानेर के नोखा में एनसीपी ने जीत हासिल की है। वहीं, बचे हुए 41 बोर्डों में निर्दलीयों की भूमिका अहम रहेगी। उनके समर्थन पर ही यह तय होगा कि बोर्ड पर काबिज कौन होगा।
राजस्थान में नगरीय निकायों के कुल 196 बोर्ड हैं। इनमें 10 नगर निगम, 34 नगर परिषद और 152 नगर पालिकाएं हैं। इनमें से 90 बोर्ड के लिए 28 जनवरी को हुए चुनाव में 76.52% वोटिंग हुई थी। ताजा परिणामों को मिलाकर, अब तक 152 बोर्ड पर चुनाव नतीजे घोषित हो चुके हैं।
निर्दलीय बनेंगे किंग मेकर
31 जनवरी को घोषित परिणामों में 6 बोर्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस बराबरी पर रही हैं। 16 निकाय ऐसे हैं, जहां कांग्रेस और भाजपा में से जो भी निर्दलीयों का समर्थन लेने में कामयाब होगा, वही बोर्ड बना सकेगा। वहीं, 6 निकायों में कांग्रेस मजबूत है और निर्दलीयों का साथ मिलने पर बोर्ड उसका हो सकता है। भाजपा 3 निकायों में मजबूती के साथ आई है, लेकिन बोर्ड बनाने के लिए उसे भी निर्दलीयों की मदद चाहिए। बाकी निकायों में केवल निर्दलियों का ही बोलबाला है। लिहाजा, यहां बोर्ड पर कौन काबिज होगा, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है।