बंगाल में BJP VS TMC:वर्चुअली तरीके से बंगाल में रैली को संबोधित करेंगे शाह; एक दिन पहले ही TMC के 5 बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए थेपश्चिम बंगाल का चुनाव सीधे तौर पर TMC बनाम BJP होता जा रहा है। यही कारण है कि दोनों पार्टियों ने पूरा जोर लगा दिया है। आज गृह मंत्री अमित शाह हावड़ा में वर्चुअली तरीके से एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में वो शामिल होने वाले थे, लेकिन दिल्ली में इजराइली दूतावास के बाहर हुए हमले के बाद उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया था। अब वह वर्चुअली तरीके से इस रैली से जुड़ेंगे। रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
एक दिन पहले ही TMC के 5 बड़े नेताओं ने भाजपा ज्वॉइन की
शनिवार को ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा। उनके 5 बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वॉइन कर ली। इसमें पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री राजीब बनर्जी, विधायक बैशाली डालमिया, विधायक प्रबीर घोषाल, हावड़ा के पूर्व मेयर रतिन चक्रवर्ती, रानाघाट के पूर्व मेयर पार्थसारथी चटर्जी शामिल थे। इसके अलावा एक्टर रूद्रनील घोष ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। इन सभी ने शनिवार को भाजपा बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और सांसद मुकुल रॉय के साथ गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
एक महीने में 3 मंत्रियों ने पद छोड़ा
बीते एक महीने में ममता सरकार के 3 मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। दिसंबर में ममता के खास रहे शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री पद छोड़ा था। 5 जनवरी को लक्ष्मी रतन शुक्ला ने खेल और युवा मामलों के मंत्री पद से और 22 जनवरी को वन मंत्री राजीब बनर्जी ने रिजाइन कर दिया।
दिसंबर में 10 विधायक भाजपा के पाले में आए थे
19 दिसंबर को शुभेंदु के साथ ही सांसद सुनील मंडल, पूर्व सांसद दशरथ तिर्की और 10 विधायकों ने भाजपा ज्वॉइन की थी। इनमें 5 विधायक तृणमूल के ही थे।
30 मई को खत्म हो रहा सरकार का कार्यकाल
ममता बनर्जी सरकार का कार्यकाल 30 मई को खत्म हो रहा है। लिहाजा अप्रैल-मई में ही विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव करा लिए जाएंगे।