पहाड़ों पर बर्फबारी होगी:मैदानी इलाकों में दो हफ्ते तक चलेगी शीतलहर; पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और UP में कड़ाके की सर्दीदेश के मैदानी इलाकों में अगले दो हफ्ते तक शीतलहर जारी रहेगी, क्योंकि पहाड़ों पर बर्फबारी अभी और होगी। जम्मू-कश्मीर में इस महीने का तीसरा विक्षोभ (पश्चिमी देशों से आने वाली हवाओं का दबाव) रविवार शाम तक दस्तक देगा और 3 फरवरी तक समूचे हिमालयी क्षेत्र के राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में अनेक स्थानों पर हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश और बर्फबारी भी होगी।
अगले तीन से चार दिन मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, मप्र, छत्तीसगढ़, बिहार व गुजरात में सर्दी जारी रहेगी। अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, यूपी बिहार व प. बंगाल में घना कोहरा भी रहेगा। पूर्वी यूपी, बिहार और मप्र में शीत लहर चलेंगी और दिन बेहद ठंडे रहेंगे। उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं के पहाड़ों पर भी बर्फबारी होगी। समूचे उत्तर भारत में अगले दो हफ्ते तक न्यूनतम तापमान 2 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहेगा।
14 साल में पहली बार जनवरी में शिमला में बर्फ नहीं
14 साल बाद पहली बार जनवरी में शिमला के पहाड़ों में बर्फ नहीं गिरी। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि अभी अगले एक हफ्ते तक बारिश व बर्फबारी के आसार नहीं हैं। हालांकि, हिमाचल के ऊंचे इलाकों जैसे काल्पा में इस महीने करीब साढ़े तीन फीट, केलांग में 2 फीट बर्फबारी हो चुकी है। दिसंबर में शिमला में दो बार बर्फबारी हुई थी। जनवरी में अब तक जितनी बार भी पश्चिमी विक्षोभ आया उसका असर ऊंचे इलाकों पर तो रहा, लेकिन निचली पहाड़ियों तक नहीं पहुंचा।
छत्तीसगढ़ में 8 डिग्री लुढ़कर 10 डिग्री पर पहुंचा पारा
छत्तीसगढ़ में भी इन दिनों सर्दी अपना असर दिखा रही है। बिलासपुर की रात को पारा 18 डिग्री था, जो शुक्रवार की रात को लुढ़ककर 10 डिग्री हो गया। जनवरी में तीसरी बार पारा इतना कम रिकॉर्ड हुआ। हालांकि अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ पर फिर भी मौसम का असर दिखाई दिया। जनवरी खत्म होने में अब केवल एक दिन बचा है। यानी ठंड का प्रमुख माह समाप्ति की ओर है।झारखंड: रांची में 4 डिग्री गिरा पारा, 2 से 3 दिन तेज सर्दी
रांची सहित पूरे झारखंड में बादल छंटने के बाद अचानक ठंड बढ़ गई है। रात के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि, एक दिन पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री था। ऐसी स्थिति अगले दो-तीन दिनों तक लगातार रहेगी। न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, दिन के तापमान यानी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।