

कश्मीर में बॉलीवुड की वापसी:घाटी में पहली बार एक साथ 15 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग, यहां प्रोड्यूसर्स फिल्मों के लिए लोकेशन भी तलाश रहेकश्मीर में बॉलीवुड ने दमदार वापसी की है। हालिया वर्षों में यह पहला मामला है जब एक साथ घाटी में 15 से अधिक फिल्में, वेब सीरीज, वीडियो एल्बम और कमर्शियल एड की शूटिंग चल रही है। डल झील, मुगल गार्डन, गुलमर्ग, पहलगाम जैसी लोकेशन पर सीन शूट हो रहे हैं।
यही नहीं, इस वक्त बॉलीवुड और दक्षिण सिनेमा के दर्जनों फिल्म प्रोड्यूसर्स अपनी फिल्मों के लिए लोकेशन तलाश करने के लिए घाटी में हैं। बॉलीवुड का 24 सदस्यीय दल भी कश्मीर के चार दिन के दौरे पर है। इनमें अजय देवगन फिल्म्स, संजय दत्त प्रोडक्शन, रिलायंस एंटरटेनमेंट, रोहित शेट्टी फिल्म्स, जी स्टूडियोज, अधिकारी ब्रदर्स एंड एसएबी (मराठी), एंडमोल, राजकुमार हिरानी, एक्सेल एंटरटेनमेंट के अलावा प्रोड्यूसर्स गिल्ड, मुंबई के प्रतिनिधि भी हैं।
गुलमर्ग फरवरी के अंत तक हाउसफुल
टीम ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन और वैली की फिल्म और लाइन प्रोड्यूसर्स के साथ लोकेशन की टोह ले रही है। इस वजह से यहां के होटल पैक हैं। भीड़ इतनी है कि गुलमर्ग तो फरवरी के अंत तक हाउसफुल है। होटल मालिक आशा करते हैं कि कश्मीर में यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा।
गुलमर्ग के एक होटल के मालिक वसीम ने बताया कि इससे पहले उन्होंने 2016 में कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में ऐसी शूटिंग देखी थी। इस बार पिक्चर ज्यादा बड़ी दिख रही है। वे कहते हैं कि फिल्म की शूटिंग का यहां के पर्यटन उद्योग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एक बड़ी फिल्म हजारों और छोटी-छोटी शूटिंग भी सैकड़ों रोजगार पैदा करती हैं।
हजारों रोजगार पैदा हुए
उदाहरण के लिए 2015 में सलमान खान ने बजरंगी भाईजान की शूटिंग यहां शुरू की थी, तो इससे हजारों रोजगार पैदा हुए। चाहे होटल के कर्मचारी हों या वाहन चालक या फिर घोड़े वाले, दुकानदार, हस्तशिल्प बेचने वाले सबको काम मिला। हजारों लोगों को फिल्म में छोटा-मोटा रोल भी मिला। उन्होंने यहां करीब 8-10 करोड़ रुपए खर्च किए।
उन्होंने बताया कि जब लोगों को पता चला कि सलमान खान कश्मीर आ गए हैं तो बड़ी तादाद में पर्यटक भी पहुंचे। पूरा गुलमर्ग और पहलगाम तीन महीने के लिए हाउसफुल हो गया था। जम्मू-कश्मीर के पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. जी.एन. इतू कहते हैं, ‘ये प्रोड्यूसर्स विभिन्न स्थानों पर जाएंगे। गानों के दृश्यों की शूटिंग हो या फिर विज्ञापनों की शूटिंग, बॉलीवुड व अन्य लोगों की तरफ से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।’
दक्षिण भारतीय फिल्में भी यहां शूट हो रही
पर्यटन अधिकारियों ने बताया कि इस वक्त दर्जनों फिल्म के दल कश्मीर में हैं, कुछ लाइमलाइट से दूर रहना चाहते हैं। अभिनेत्री हिना खान ने कश्मीर मे अपनी फिल्म लायन्स की शूटिंग की है। फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी कश्मीरी पंडितों पर अपनी फिल्म के कुछ दृश्य शूट किए हैं। न केवल हिंदी फिल्म, बल्कि पंजाबी और दक्षिण भारतीय फिल्में भी यहां शूट हो रही हैं। कन्नड़ फिल्म 777 चार्ली और रतन प्रपंच की शूटिंग गुलमर्ग में चल रही है। गुलमर्ग मे एक मलयालम फिल्म जानेमन की भी शूटिंग हुई।
सलीम मर्चेंट ने भीगाने की शूटिंग पूरी की
प्रसिद्ध संगीत निर्देशक सलीम मर्चेंट ने भी यहां एक गाने की शूटिंग पूरी की है। घाटी में भविष्य भी उज्ज्वल दिखता है क्योंकि कई और बॉलीवुड प्रोड्यूसर्स आ रहे हैं। उनमें जॉन अब्राहम और जैकलीन फर्नांडीज स्टारर फिल्म अटैक, तेलुगू फिल्म अल्लुडु एडहर्स जैसी नामी फिल्में शामिल हैं।
प्रोड्यूसर्स विदेश में शूटिंग से हिचकिचा रहे
कश्मीर में बॉलीवुड की वापसी का श्रेय यहां लोग सुरक्षित माहौल के साथ-साथ सरकार द्वारा की गई ब्रांडिंग को देते हैं। इसके अलावा बड़ी वजह यह भी है कि कोरोना की वजह से प्रोड्यूसर्स विदेश में शूटिंग करने से हिचकिचा रहे हैं। कश्मीर में उन्हें पहाड़, नदी, बर्फ, झरने वो सबकुछ मिलता है, जो उन्हें स्विट्जरलैंड, प्राग जैसी लोकेशन में मिलता है। सभी आने वाले निर्माता और अभिनेता कश्मीरियों की मेहमाननवाजी से भी खुश हैं।
मेहमाननवाजी भी बहुत शानदार
अभिनेत्री गरिमा गोयल कहती हैं, ‘न केवल कश्मीर की लोकेशन अच्छी है बल्कि यहां की मेहमाननवाजी भी बहुत शानदार है। व्यंजनों का क्या कहना। वह एक नेटफ्लिक्स सीरीज के लिए लोकेशन देखने आई हैं।’ हाल ही में कश्मीर का दौरा करने वाली हस्तियों में गायक जुबिन नौटियाल, गुरु रंधावा, सलमान अली, पूर्व भारतीय अभिनेत्री और मॉडल सना खान, संगीतकार सलीम मर्चेंट, टीवी होस्ट और एंकर आदित्य नारायण शामिल हैं।