मौसम के अलग रूप:पानीपत में सुबह धूप खिली, दिन बढ़ने के साथ घना कोहराबुधवार रात में भी साफ था मौसम, गुरुवार सुबह 9 बजे से ओढ़ी कोहरे की चादर
पानीपत में गुरुवार को मौसम का अलग रूप देखने को मिला। बुधवार रात और गुरुवार सुबह तक मौसम साफ रहा। सुबह धूप खिली रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ा, कोहरा गहराता चला गया। सुबह 10 बजे तक पानीपत ने पूरी तरह कोहरे की चादर ओढ़ ली। गुरुवार को सुबह 11 बजे अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहेगा।पानीपत में बुधवार को दिनभर तेज धूप ने लोगों को सर्दी से राहत दी थी। गुरुवार सुबह भी अच्छी धूप खिली देख लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद जगी, लेकिन 9 बजते-बजते घने कोहरे ने पानीपत को आगोश में ले लिया। मौसम का यह रूप से लोग चकित रह गए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के मूव होने के कारण गुरुवार को दिन में कोहरा छाया। हालांकि शीत लहरों की रफ्तार कम रहने के कारण पाले से कुछ राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. DP दुबे ने बताया कि पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। अरब सागर से आ रही नमी कोहरे का प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि अभी सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहेगा। सोमवार से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।