दिल्ली के उपद्रव से नाराजगी:रेवाड़ी में ग्रामीणों ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, 6 घंटे में 2 धरने खत्म, करनाल में ट्रॉली पर पथरावरेवाड़ी : गंगायचा टोल से खदेड़े प्रदर्शनकारी, साहबी पुल के पास से भी धरना उठाया, खेड़ा बॉर्डर पर बैठे हैं किसान
घरौंडा : एक ट्रॉली पर लगा था काला झंडा, तिरंगा यात्रा निकाल रहे युवकों ने विरोध जताया तो बढ़ गया विवाद
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुई शर्मनाक घटना के आमजन अब किसानों के धरनों के खिलाफ लामबंद होने शुरू हो गए हैं। रेवाड़ी-रोहतक हाईवे-71 के गंगायचा टोल पर 20 दिन से धरना दे रहे किसानों का तंबू बुधवार सुबह 9 बजे पुलिस ने उखड़वा दिया। यहां सुबह 10:30 बजे टोल को भी चालू करा दिया गया। वहीं, 3 जनवरी को खेड़ा बॉर्डर से पुलिस के बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ा जत्था साहबी पुल के पास बैठा था। 24 दिन बाद उन्हें भी उठा दिया गया है, लेकिन खेड़ा बॉर्डर किसानों का धरना जारी है।
इधर, करनाल में सुबह 11 बजे घरौंडा ओवरब्रिज के पास शहर के लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। दिल्ली से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली पर काला झंडा लगा था। तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों ने उसे उतारकर तिरंगा लगाने के लिए कहा। किसी ने ट्राॅली पर ईंट फेंक दी। इससे विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस ने बसताड़ा टोल से लंगर बंद कराकर धरना उठवा दिया। प्योंत टोल से भी धरना हटा दिया गया है।
किसानों को ग्रामीणों की चेतावनी- बिजली और पानी बंद कर देंगे
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर 30 किमी के फासले में दो जगह (खेड़ा बॉर्डर पर राजस्थान की सीमा में और साहबी पुल पर रेवाड़ी की सीमा में) बैठे किसानों 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद एक-एक कर हाईवे को खाली करना शुरू कर दिया। पंचायत अध्यक्ष एवं मसानी सरंपच कैप्टन लालाराम ने कहा कि यदि किसान नहीं हटे तेा बिजली-पानी बंद कर देंगे। खेतों में शौच के लिए किसी को नहीं घुसने दिया जाएगा।
करनाल से एसपी-डीसी बसताड़ा टोल पर पहुंचे, धरने को उठवाया
घरौंडा के एक टोल कर्मी ने बताया कि दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे से देर रात किसानों के ट्रैक्टरों का वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 11 बजे घरौंडा ओवरब्रिज के पास शहर के लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। तभी विवाद बढ़ा तो पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे डीसी निशांत कुमार यादव और एसपी गंगाराम पूनिया भी पहुंचे। तनाव को देखते हुए घरौंडा में धारा-144 लगा दी गई। घरौंडा के बाजार बंद कराए गए। टोल पर पुलिस तैनात कर दी गई।
कुरुक्षेत्र में उखाड़ा किसानों का तंबू, काम न आया दो किसानों का विरोध
कुरुक्षेत्र-झांसा | सैनीमाजरा टाेल पर एक-दो किसान ही थे तो पुलिस धरना हटाने पहुंच गई। वहां मौजूद किसान गुरनाम सिंह विरोध करते हुए दरी व कंबल के ऊपर बैठ गए, लेकिन पुलिस कर्मी एक-एक कर खींच ले गए।जानिए बाकी जिलों के हालात
अम्बाला – अम्बाला-शंभू टाेल प्लाजा परि दिल्ली से पंजाब की तरफ जाने वाले ट्रैक्टर-ट्राली की लाइन टूट नहीं रही है। शंभू टाेल पर लंगर खाने के लिए किसान रुक रहे हैं।
पानीपत: बुधवार सुबह पानीपत टोल प्लाजा से हर एक मिनट में 40 से 45 ट्रैक्टर वापस जा रहे थे, हालांकि बाद में यह संख्या घटकर एक मिनट में 5 से 8 तक रह गई। सुबह दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर सिर्फ ट्रैक्टर दिख रहे थे। मंगलवार रात 8 बजे से बुधवार दोपहर दो बजे तक 1 से 1.50 लाख ट्रैक्टर वापस लौट चुके हैं।
हिसार: किसान संगठन सभी चाराें टाेल पर धरना जारी रखे हुए हैं। चिकनवास टाेल, चाैधरीवास व रामायण टाेल पर बैठे किसान आंदाेलन जारी रखेंगे।
हम चले.. वापस जाने वालों की हाथ जोड़कर मान-मनुहार
कुंडली | ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर अब लोग घर जा रहे हैं। राई एजुकेशन सिटी व बहालगढ़ खाली हो चला है। किसान हाथ जोड़कर रोक रहे हैं, लेकिन वे आने की कहकर जा रहे हैं।