अब करनी होगी जेब ढीली:किसान आंदोलन खत्म होता देख पानीपत के दोनों टोल प्लाजा पर आज से टोल वसूली की तैयारी25 दिसंबर से दोनों टोल प्लाजा चल रहे हैं फ्री
26 नवंबर से किसानों के लिए फ्री हैं टोल प्लाजा
पानीपत के L&T और डाहर टोल प्लाजा पर आज से वसूली की तैयारी शुरू कर दी है। दोनों टोल प्लाजा पर धरना और लंगर भी समाप्ति की ओर है। इससे टोल प्लाजा कंपनी को राहत मिली है। 26 नवंबर से किसानों और 25 दिसंबर से सभी वाहनों के लिए टोल फ्री चल रहा है। अब किसान आंदोलन खत्म होता देख टोल कंपनियों ने भी वसूली की तैयारी कर ली है।
25 दिसंबर से सभी वाहनों के लिए फ्री कर दिए गए थे दोनों टोल प्लाजा
किसान आंदोलन के कारण पानीपत के L&T टोल प्लाजा की 4 लाइन 26 नवंबर से ही किसानों के लिए फ्री चल रही हैं। किसानों के आह्वान के बाद 25 दिसंबर से दोनों टोल प्लाजा सभी वाहनों के लिए फ्री कर दिए गए थे। अभी तक भी दोनों टोल प्लाजा से वाहन बिना वसूली के ही गुजर रहे हैं, लेकिन गुरुवार 10 बजे से टोल कंपनियों ने वसूली की तैयारी की है।
दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हंगामे के बाद किसान आंदोलन गिरा है। काफी संख्या में किसान वापस लौटने लगे हैं। टोल प्लाजा पर चल रहा किसानों का धरना और अटूट लंगर भी सिमटता दिख रहा है। जिसके बाद टोल कंपनियों ने गुरुवार से टोल वसूली की तैयारी की है। अब तक फ्री गुजर रहे वाहन चालकों को अब जेब ढीली करनी पड़ेगी।
उधर, L&T टोल प्लाजा के मैनेजर योगेश कुमार ने बताया कि गुरुवार से टोल वसूली की तैयारी है। 10 बजे अधिकारियों से चर्चा के बाद टोल वसूली पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। टोल से धरना और लंगर कम हुए हैं, पूरी तरह हटने का इंतजार है।