खेड़ा बॉर्डर:25 राज्यों के बैनर लगाकर 55 किमी में निकाली जाएगी परेड, 2000 ट्रैक्टर परेड के लिए तैयारदिल्ली-जयपुर हाईवे 48 के जयसिंह पुर खेड़ा-शाहजहांपुर (राजस्थान) बॉर्डर से गुड़गांव के मानेसर तक करीब 55 किलोमीटर में ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी। इसके लिए ट्रैक्टरों को सजाया जा रहा है। करीब 400 ट्रैक्टरों के परेड में शामिल होने के लिए तैयार किया जा रहा था, मगर शाम को राजस्थान के विभिन्न जिलों से और ट्रैक्टर पहुंचने शुरू हो गए। अब 1500 से 2000 तक ट्रैक्टरों का जत्था परेड निकालेगा।
25 अलग-अलग राज्यों के बैनर तैयार कराए गए हैं, जो कि ट्रैक्टरों के आगे लगा जाएंगे। हर ट्रैक्टर पर संगठनों के साथ तिरंगा भी लगा होगा। हरियाणा की झांकी खास होगी। उसमें हाथ से पीसने वाली आटा चक्की तथा छाज जैसे किसानों के परंपरागत साधन भी दर्शाए जाएंगे। देर रात तक ट्रैक्टरों की सजावट का काम चलेगा। पुलिस सुबह ही बेरिकेड्स हटाएगी। 9 बजे खेड़ा बॉर्डर से ट्रैक्टरों का दल एक कतार में हाईवे पर चलेगा। मानेसर सरकारी पॉलीटेक्निक संस्थान तक ट्रैक्टर जाएंगे।
ट्रैफिक के लिए एडवाइजरी
पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दिल्ली-जयपुर हाईवे के प्रभावित हिस्से में यात्रा से बचने की सलाह दी है। दिल्ली जाने के लिए एनएच-48 की बजाय रेवाड़ी से पटौदी होकर सीधे गुड़गांव तथा यहां से दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली से जयपुर के लिए भी इसी रूट से रेवाड़ी आना होगा। रोडवेज प्रबंधन स्थिति के अनुसार बसों का संचालन करेगा।