कोरोना के बाद सामान्य होती जिंदगी:दुनिया की सबसे बड़ी गुफा 326 दिन बाद खुली; यहां झीलें, नदियां और जंगल भीदुनिया की सबसे बड़ी गुफा 326 दिन बाद पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। सान डोंग नाम की यह गुफा वियतनाम में क्वांग-विन्ह प्रांत के नेशनल पार्क में मौजूद है। यह वैश्विक महामारी के कारण मार्च 2020 से बंद थी। यह गुफा 9 किमी लंबी, 200 मीटर चौड़ी और 150 मीटर ऊंची है। दावा है कि इसके अंदर न्यूयॉर्क जैसी 40 मंजिला इमारतें बन सकती हैं। इसे वियतनाम की ग्रेट वॉल भी कहा जाता है।
खास बात यह है कि इसके अंदर छोटी-छोटी 150 गुफाएं हैं। इसके अलावा बादल, झीलें, नदियां और जंगल भी हैं। यूनेस्को के मुताबिक, यह गुफा 50 लाख साल पुरानी है। इसे पर्यटकों के लिए 2013 में पहली बार खोला गया था। तब करीब 250 पर्यटकों को वहां जाने की अनुमति मिली थी। इस गुफा को 1991 में स्थानीय वनवासी हो खान ने खोजा था।2009 में ब्रिटिश शोधकर्ताओं ने इस गुफा पर रिसर्च की और इसे दुनिया में पहचान दिलाई। इसके बाद यूनेस्को ने इस प्राकृतिक गुफा को अपनी सूची में शामिल कर लिया।गुफा खुलने के बाद यहां टूरिस्ट पहुंचने भी लगे हैं। गुफा में जाने से पहले पर्यटकों को ट्रेनिंग दी गई है। उन्हें 10 किमी पैदल चलने और 6 बार रॉक क्लाइंबिंग कराई जाएगी। ये लोग गुफा में चार दिन और तीन रात रहेंगे। इस दौरान इन पर्यटकों को योगा और मेडिटेशन भी कराया जाएगा।