किसान आंदोलन:ट्रैक्टर परेड के लिए रोजाना पानीपत से गुजर रहा सैकड़ों ट्रैक्टरों का काफिला, टोल नाकों पर लंगर की व्यवस्थाकुंडली बॉर्डर पर धरनारत किसानों ने 26 जनवरी को किया है ट्रैक्टर परेड का ऐलान
पानीपत से भी हजारों की संख्या में ट्रैक्टर परेड में शामिल होने का किया जा रहा दावा
26 जनवरी को दिल्ली में टैक्टर परेड में शामिल होने के लिए पानीपत से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर गुजर रहे हैं। ट्रैक्टरों के साथ कार, ट्रक, बस और बाइकों पर भी लोग कुंडली बॉर्डर पहुंच रहे हैं। पानीपत टोल प्लाजा पर लंगर खाने के बाद किसान आगे बढ़ते हैं। पानीपत के भाकियू जिला प्रधान ने पानीपत से भी हजारों की संख्या में ट्रैक्टरों के परेड में शामिल होने का दावा किया है।
कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर धरनारत किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड का ऐलान किया हुआ है। पंजाब के अधिकतर गांवों के हर घर से एक-एक ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के प्रयास किए जाए रहे हैं। जिसके चलते 22 जनवरी से ही रोजाना सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर पानीपत से होकर दिल्ली बॉर्डर पहुंच रहे हैं।
पानीपत टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन के साथ अटूट लंगर चल रहा है। पंजाब से आने वाले किसानों के साथ अन्य लोग भी दिनभर लंगर का आनंद ले रहे हैं। पंजाब से आने वाले अधिकतर किसान पानीपत टोल प्लाजा पर लंगर छकने के बाद ही आगे बढ़ते हैं।
उधर, भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान कुलदीप बलाना ने कहा कि ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए जिले से 50 ट्रैक्टर जा चुके हैं। उन्होंने 25 जनवरी की शाम तक पानीपत से हजारों की संख्या में ट्रैक्टर बॉर्डर पर पहुंचने का दावा किया है।