12वीं बैठक भी बेनतीजा:परेड में ठहरने की व्यवस्था के साथ आएंगे, ट्राॅली में राशन, पानी, कंबल लाएं : टिकैतधरनास्थलों पर 26 को परेड की तैयारियां तेज
कुंडली में 10 किमी तक किसान, मंच से आवाज पहुंचाने को 3 किमी में लाउड स्पीकर
कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड की तैयारी तेज कर दी है। नेताओं ने किसानों से कहा िक परेड में ठहरने की व्यवस्था के साथ आएं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने वीडियो जारी कर कहा है कि किसान ट्राॅली को इस तरह कवर करके लाएं कि रात को उसी में सो सकें। उसमें बिस्तर व कंबल के साथ कई दिन के लिए राशन पानी की व्यवस्था हो। चालक के साथ किसान भी ट्राॅलियों में बैठकर आएं। बता दें कि केंद्र सरकार और संयुक्त मोर्चा के बीच शुक्रवार को हुई 12वीं बैठक भी बेनतीजा रही।
एक दिन पहले लगेगी ट्रैक्टरों की भीड़ : 26 जनवरी को प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड से एक दिन पहले ही ज्यादातर ट्रैक्टर दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में शामिल हो जाएंगे। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) प्रदेशाध्यक्ष रतन सिंह मान ने कहा कि हरियाणा से करीब एक लाख ट्रैक्टर परेड में शामिल होंगे। पहले आंदोलन स्थलों पर किसान पहुंचेंगे। इसके बाद संयुक्त मोर्चा रोड मैप जारी करेगा, जो किसान दिल्ली नहीं पहुंच पाएंगे वे अपने जिला व ब्लॉक स्तर पर भी मार्च निकालेंगे। शांतिपूर्वक तरीके से ट्रैक्टर चलेंगे और किसानों के हालात की झांकियां भी दिखाई जाएंगी।
परेड की तैयारी- टिकरी बॉर्डर पर पश्चिम बंगाल से आए आर्टिस्ट अपने खर्चे से 3.50 लाख खर्च कर सर छोटूराम की बना रहे झांकी
बहादुरगढ़, टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने पश्चिम बंगाल से आए आर्टिस्ट फाइबर ग्लास से सर छोटूराम की झांकी बना रहे हैं। देवांजन रॉय झांकी बनाने में अपनी जेब से 3.50 लाख रुपए खर्च करेंगे। देवांजन रॉय और उनके तीन साथी मिलकर झांकी बना रहे है। झांकी में सर छोटूराम के कंधे पर संत बाबा रामसिंह की मृत देह व हाथ में हल दिखाया जाएगा। देवांजन रॉय ने कहा कि तीनों नए कानून किसानों के साथ आम आदमी के लिए हानिकारक हैं। इसलिए वे किसानों का समर्थन कर रहे हैं।