टिकरी बॉर्डर पर छात्र झांकियां बनाने में जुटे:26 को मेहनत व पीड़ा को दर्शाती 29 राज्यों की झांकियां निकालेंगे किसान, ट्राॅलियों में सजाई जाएंगी झांकियां, वाॅलंटियर्स की लगेगी ड्यूटीगणतंत्र दिवस पर 29 प्रदेशों के किसानों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी। इनमें बताया जाएगा कि किन कठिन परिस्थितियों में किसान अन्न उगाते हैं। अब किस दौर से गुजर रहे हैं। झांकियों के लिए किसानों का साथ स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी देंगे। ये ट्राॅलियों में झांकियां सजाएंगे। टिकरी बाॅर्डर पर तैयारी शुरू हो चुकी है। 24 राज्यों के किसानों ने झांकियों को लेकर सुझाव दिए हैं।
भारतीय किसान यूनियन नैन गुट के प्रदेशाध्यक्ष चौ. जोगिंद्र नैन ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर किसान यह झांकियां निकालेंगे। ट्रैक्टर पर तिरंगा लहराया जाएगा। टिकरी बाॅर्डर पर 24 राज्यों के किसान पहुंच चुके हैं। किसान राजधानी में जय किसान के नारे लगाएंगे। वाॅलंटियर हर मोड़ व चौराहे पर ट्रैक्टरों को दिशा देंगे। गणतंत्र दिवस पर यह आयोजन पूरी तरह से शांतिपूर्वक होगा। भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने बताया कि प्रदेश के हर गांव से 11 ट्रैक्टर जरूर जाएंगे। सभी तिरंगा व किसानों का झंडा होगा। इसके लिए सभी 25 को बॉर्डरों पर पहुंच जाएंगे। यह पूर्ण रूप से शांतिप्रिय होगा। छह बॉर्डर पर कितने ट्रैक्टर कहां लगाए जाएंगे, यह तैयारी की जा रही है।
किसान-दिल्ली पुलिस निकालेंगे रास्ता: ट्रैक्टर परेड पर सीएम ने कहा कि दिल्ली पुलिस व किसानों के प्रतिनिधि मिलकर रास्ता निकालेंगे। यह राष्ट्रीय पर्व है, मिलकर मनाना चाहिए। उम्मीद है कि हमारा किसान देशभक्त है, जाे इसमें व्यवधान नहीं डालेगा।
किसानों की प्लानिंग, खुद नहीं जा पा रहे तो ट्रालियाें में ट्रैक्टर भेज रहे सिंघु बॉर्डर ताकि 26 जनवरी के मार्च में कम न पड़ें
जालंधर | 26 जनवरी को दिल्ली बॉर्डर पर होने वाली ट्रैक्टर परेड के लिए किसानों ने भी योजना तैयार कर ली है। जो किसान खुद नहीं जा पा रहे वे अपने ट्रैक्टर को ट्राली में लोड कर सिंघु बॉर्डर भेज रहे हैं ताकि वहां किसान अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर सकें। जिन किसानों के पास ट्रैक्टर न हो वे भी ट्रैक्टर मार्च में शामिल हो सकें।
जानिए, हरियाणा में गांव स्तर पर कैसे हो रही तैयारी
सोनीपत: गांव-गांव घूमकर प्रचार किया जा रहा है। संगठन प्रचार में जुटे हैं। हर ब्लॉक के गांव लगभग कवर किए जा चुके हैं।
कैथल: रिहर्सल शुरू कर दी है। वॉट्सएप से संपर्क हो रहा है। 24 जनवरी को ही कैथल जिला समेत हरियाणा से हजारों की संख्या में पहुंचेंगे।
कुरुक्षेत्र: गांव-गांव जाकर रैली में शामिल होने का आह्वान कर रही हैं। हर ब्लाॅक से 300 से 400 ट्रैक्टर ले जाने का लक्ष्य है।
यमुनानगर: किसान नेताओं की ड्यूटी तय की जा रही है। यमुनानगर से 5000 ट्रैक्टर का टारगेट है।
करनाल: ब्लॉक स्तर की कमेटी की ड्यूटी लगाई हुई है। ज्यादातर किसान 22- 23 जनवरी को दिल्ली जाएंगे।
अम्बाला: किसान 23 जनवरी काे माेहड़ा मंडी में ट्रैक्टर लेकर एकत्रित हाेंगे। दिल्ली रवाना हाेने के लिए धरनास्थल पर भी अनाउंसमेंट की जा रही है।
हिसार: 24 जनवरी व 25 जनवरी काे 10 हजार ट्रैक्टर-ट्राॅलियां। गांव- गांव में कमेटियां बनाकर प्रचार किया जा रहा है।
राेहतक: गांव स्तर पर कमेटियां बनी हैं। युवा भी अपने स्तर पर ट्रैक्टरों की संख्या तय कर तैयारी में जुटे हैं। कुछ गांव में प्रति परिवार से चंदा एकत्रित किया जा रहा है।
झज्जर: खाप ने लोगों को इसकी जिम्मेदारी तय की है। पंचायत प्रतिनिधि गांव की चौपालों में मीटिंग कर लोगों को आंदोलन की रणनीति समझा रहे हैं।
जींद: कई गांवों में प्रति एकड़ 100 से लेकर 500 रुपए चंदा लिया जा रहा है, जिनका कोई सदस्य सरकारी नौकरी में उनसे 500 अन्य से 100।
भिवानी: 10,000 ट्रैक्टरों रवाना होने की तैयारी। लोहानी व खरक से लगभग 5000 ट्रैक्टरों समेत टिकरी बॉर्डर के लिए रवाना होंगे।
फतेहाबाद: करीब 3 हजार ट्रैक्टर परेड में शामिल होंगे। जत्थे 22 जनवरी से रवाना होंगे।