पानीपत का मौसम:कोहरा और बादल छंटे तो सुबह हुए सूर्यदेव के दर्शन, दिन-रात का तापमान बढ़ाअधिकतम में 2 और न्यूनतम तापमान में हुई 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी
21 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम, बारिश के बन रहे हैं आसार
पानीपत में चार दिन बाद मंगलवार सुबह के समय सूर्यदेव के दर्शन हुए। कोहरा बहुत कम रहा, बादल भी छंटे। सुबह धूप ने सर्दी से राहत दी। बफीर्ली हवाओं का सितम भी कम रहा। जिस कारण अधिकतम तापमान में 2 और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने 21 जनवरी की रात से बारिश के आसार बताए हैं। मंगलवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पानीपत में मंगलवार सुबह को कोहरा कम रहा। देहात इलाकों में कुछ देर के लिए धुंध रही। बीते दिनों के मुकाबले बादल भी छंटे दिखे। जिस कारण सुबह 8 बजे से ही हल्की धूप खिली। मंगलवार को शीतलहरों ने भी लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत दी। पूर्वी हवा चलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी है।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर DP दुबे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान से जम्मू एंड कश्मीर की ओर मूव कर रहा है। इससे विंड पैर्टन बदलकर पूर्वी से दक्षिणी पूर्वी हो जाएगा। इस कारण 21 जनवरी की रात और 22 जनवरी को बारिश की संभावना बन रही है। मंगलवार और बुधवार मौसम साफ रहने का अनुमान है।