कोरोना देश में:कई देशों से वैक्सीन की डिमांड; विदेश मंत्रालय और फार्मास्युटिकल डिपार्टमेंट के अफसरों के साथ स्वास्थ्य मंत्री कल बैठक करेंगेऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन ”कोवीशील्ड” को लेकर दुनिया के कई देशों से भारी डिमांड आ रही है। इस वैक्सीन का प्रोडक्शन भारत की कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) कर रहा है।
दूसरे देशों को वैक्सीन एक्सपोर्ट करने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को बैठक बुलाई है। इसमें विदेश मंत्रालय और फार्मास्युटिकल डिपार्टमेंट के अफसर मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में तय होगा कि कोरोना की वैक्सीन को दूसरे देशों को कब और कैसे उपलब्ध कराई जाएगी।
मुंबई में कार के अंदर मास्क जरूरी नहीं
मुंबई में अब प्राइवेट कार के अंदर मास्क नहीं पहनने वालों पर जुर्माना नहीं लगेगा। मुंबई नगर निगम की ओर से इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि पब्लिक प्लेस, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने वालों के लिए मास्क अभी भी अनिवार्य है। बगैर मास्क पकड़े जाने पर ऐसे लोगों को जुर्माना भरना पड़ेगा।
अब तक 1.05 करोड़ केस
देश में अब तक 1 करोड़ 5 लाख 67 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 लाख 2 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 52 हजार 383 मरीजों की मौत हो चुकी है। रविवार को कोरोना के 8,645 नए मरीज मिले। 8903 लोग रिकवर हुए और 72 की मौत हुई। राहत की बात ये है कि मई के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब एक्टिव केस 2% से भी कम हो गया है। अब देश में 1.94% यानी 2.05 लाख एक्टिव केस हैं।
कोरोना अपडेट्स
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि UK में मिले कोरोना के नए वैरिएंट से अब तक देश के 116 लोग संक्रमित हुए हैं। रविवार को नए वैरिएंट से संक्रमित कोई केस नहीं मिला।
दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में शनिवार से शुरू हुआ। दूसरे दिन रविवार को देश के सिर्फ छह राज्यों में कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। हेल्थ मिनिस्ट्री के एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. मनोहर अगनानी ने बताया कि इन राज्यों में वैक्सीनेशन के कुल 553 सेशन किए गए। इनमें 17 हजार 72 लोगों को टीका लगाया गया। अब तक कुल दो लाख 24 हजार 301 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
कोरोना काल के 10 महीने बाद राजस्थान में 9वीं से 12वीं तक के स्कूल सोमवार से खुलेंगे। अब नियमित क्लास चलेंगी। इसके लिए जयपुर के लगभग सभी स्कूलों ने कोरोना गाइड लाइन की पालना की तैयारी कर ली है। स्कूलों में एंट्री प्वाइंट पर सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने के लिए सफेद गोले बनाए गए हैं। एंट्री गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग और हाथ सैनेटाइजेशन की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली में सोमवार से 10वीं से 12वीं तक के स्कूल खुल जाएंगे। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी स्कूलों को कोविड-19 नियमों का पालन करना होगा।
27 राज्य और केंद्र शासित राज्य में 96% से ज्यादा रिकवरी रेट
रिकवरी रेट के मामले में 27 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश नेशनल रिकवरी रेट 96.6% से भी आगे निकल गए हैं। यानी देश में हर 100 मरीज में से करीब 96 मरीज ठीक हो रहे हैं, लेकिन इसके मुकाबले इन 27 राज्यों और UT में इससे भी ज्यादा मरीज कोरोना को मात दे रहे हैं।
अरुणाचल प्रदेश में रिकवरी रेट 99.3% और आंध्र प्रदेश में 99% है। अरुणाचल में कोरोना के कुल 16 हजार 805 मामले सामने आए। इनमें 16 हजार 687 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और 56 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस सिर्फ 62 हैं। वहीं, आंध्र में 8 लाख 85 हजार 824 मामले मिले हैं। इनमें 8 लाख 76 हजार 698 मरीज ठीक हो चुके हैं और 7 हजार 139 लोगों की जानें गई हैं। यहां अभी 1,987 मरीजों का इलाज चल रहा है।