शुभ टीका संक्रांति:पीएम मोदी 16 से शुरू करेंगे विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियानकुरुक्षेत्र पहुंची वैक्सीन की 2,61,500 डोज, 113 केंद्रों पर सबसे पहले 2 लाख हेल्थ वर्करों को टीके लगेंगे
पहले दिन देशभर में 3000 सेंटर पर तीन लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाने की तैयारी
पुलिस, सफाई कर्मियों समेत 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी इसी माह टीके लगने शुरू होंगे
विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम के पहले दिन देशभर में करीब तीन लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 3 हजार टीकाकरण केंद्र तैयार करने का निर्णय लिया गया है। 10 दिन के अंदर यह संख्या पांच लाख से सात लाख तक पहुंच सकती है। 16 जनवरी काे टीकाकरण अभियान शुरू हाे रहा है।
उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैक्सीन लगवाने वालाें से बात भी कर सकते हैं। वहीं, हरियाणा में बुधवार दोपहर कोविशील्ड की 2,41,500 और शाम को कोवैक्सीन की 20 हजार डोज कुरुक्षेत्र स्थित स्टेट वैक्सीन स्टोर में पहुंचीं। गुरुवार को वैक्सीन रीजनल सेंटरों और वहां से जिला मुख्यालयों तक जाएंगी। यहां सबसे पहले करीब 2 लाख हेल्थ वर्करों को 113 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी।
पहले दिन हर सेंटर पर 100-100 लोगों को ही वैक्सीनेशन देने की व्यवस्था की जा रही है। 10 दिन बाद बड़े सेंटरों पर दो वैक्सीनेटर की व्यवस्था होगी। इससे हर सेंटर पर 200 लोगों को वैक्सीन दी जा सकेगी। वहीं, राज्यों को फ्रंटलाइन वर्कर्स का डेटा भी को-विन साइट पर 26 जनवरी तक अपलोड करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
29-30 जनवरी से इन वर्कर्स का भी वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। देशभर में फ्रंटलाइन वर्कर्स की संख्या करीब 2 करोड़ है। इन्हें भी मुफ्त में वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें पुलिस, सफाई कर्मचारी आदि शामिल हैं।
सीआईआई ने 90% वैक्सीन डिस्पैच कीं, भारत बायोटेक ने 2.40 लाख डोज भेजीं
कोविशील्ड वैक्सीन की एक करोड़ 10 लाख डोज भारत के सभी राज्यों में पहुंचाई गई है। भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन की 55 लाख डोज में से फिलहाल 2.40 लाख डोज राज्यों को मिली हैं। पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (सीआईआई) के मुताबिक उन्होंने भारत सरकार द्वारा दिए गए ऑर्डर से कोविशील्ड वैक्सीन के 90% यानी करीब 1 करोड़ 9 लाख डोज तय स्थानों तक पहुंचा दी हैं।
करीब 90 हजार वैक्सीन भेजी जानी बाकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार तक इसकी खेप भी पहुंचा दी जाएगी। भारत बायोटक ने बताया कि उसने कोवैक्सीन स्थानीय हैदराबाद सहित 12 शहरों काे सप्लाई कर दी है।
मोबाइल नंबर आधार से लिंक कराना होगा…
आधार से लिंक कराने काे कहा गया है ताकि उस नंबर पर ओटीपी और क्यूआर कोड आ सके। इसी क्यूआर कोड से वैक्सीनेशन के बाद प्रमाण-पत्र मिल पाएगा। हालांकि आधार अनिवार्य नहीं है। दूसरे फोटो पहचान-पत्र के आधार पर भी वैक्सीन दी जाएगी।
पल्स पोलियो अभियान टला
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम को अगले आदेश तक टाल दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी कोई वजह नहीं बताई है, पर आदेश में अप्रत्याशित गतिविधियों के कारण इसे रोकने की बात कही है। इस साल यह अभियान 17 जनवरी से शुरू होकर तीन दिन तक चलना था। डब्लूएचओ ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था।
दिल्ली के लोगों को फ्री टीका
दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मैंने केंद्र सरकार से अपील की थी कि सभी को मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन दी जाए। अगर केंद्र सरकार ऐसा नहीं करती है और जरूरत पड़ती है तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा लोगों को मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन लगवाई जाएगी। दिल्ली में 86 केंद्रों पर टीकाकरण होगा।’
चीन की साइनोफार्म वैक्सीन सबसे महंगी
वैक्सीन कीमत (एक डोज की)
कोविशील्ड शुरुआती 10 करोड़ वैक्सीन 200 रु.
बाजार में 1000 रुपए
कोवैक्सीन 206 रुपए
फाइजर-बायोएनटक 1431 रुपए
मॉडर्ना 2348 से 2715 रुपए
साइनोफार्म 5650 रुपए
सिनोवेक बॉयोटेक 1027 रुपए
नोवावैक्स 1114 रुपए
गामलेया सेंटर 734 रुपए
जॉनसन एंड जॉनसन 734 रुपए