मौसम:कोहरे के कारण शून्य रही विजिबिलिटी, शीत लहर का प्रकोप बढ़ा, 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा तापमानकोहरे के कारण सोहना में सड़क दुर्घटना में एक की मौत
एनसीआर में कोहरे व ठंड का कहर बढ़ गया है। बुधवार को सुबह 9 बजे तक कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य रही। हालात ये रहे कि पास खड़े व्यक्ति का चेहरा भी साफ दिखाई नहीं दिया। वहीं मंगलवार के मुकाबले बुधवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और लुढक गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान घटकर 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि सुबह 11.30 बजे कोहरा कम होने के बाद धूप निकली लेकिन दिन के समय भी ठंड से कोई राहत नहीं मिली।
दिनभर शीत लहर के कारण लोग अपने घरों में ही छुपे रहे। कोहरे का कहर सोहना में देखने को मिला, जहां कोहरे के कारण हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तावडू कस्बा भी कोहरे के कारण सुबह तीन सड़क दुर्घटनाएं हुई।
गत मंगलवार को गुड़गांव में मौसम साफ रहा था, लेकिन न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बुधवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी शून्य रही। वहीं ठंड का भी प्रकोप बढ़ गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान धूप निकलने से 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले तीन-चार दिन अभी बादल छाए रहने और सुबह के समय कोहरा छा सकता है।
तावडू में अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन दुर्घटनाएं
तावडू में कोहरे के कारण बुधवार सुबह सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वहीं घने कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पडा। बुधवार सुबह केएमपी एक्सप्रेस-वे पर दो स्थानों पर वाहन टकरा गए, वहीं सोहना रोड पर भी एक सडक दुर्घटना हो गई।
पुलिस ने सूचना पर घटना स्थल पर पहुंच अपनी कार्रवाई शुरू की। वाहन चालकों ने बताया कि कोहरे के कारण कई-कई घंटे उन्हें वाहनों को रास्ते में रोकना पडा। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर दो स्थानों पर वाहन टकरा गए। इसके अलावा सोहना-तावडू रोड पर भी एक स्थान पर दो वाहन टकरा गए।