ट्रम्प को बचाने की कोशिश:वाइस प्रेसिडेंट पेंस ने 25वें संविधान संशोधन के इस्तेमाल से इनकार किया, ट्रम्प भी नजर आएअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कार्यकाल पूरा होने में सिर्फ एक हफ्ता बाकी है। गुरुवार को कैपिटल हिल में हुई हिंसा से अमेरिकी सांसद नाराज हैं और ट्रम्प पर महाभियोग चलाने के लिए अमेरिकी संसद में बहस चल रही है। उप राष्ट्रपति माइक पेंस संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। इसके जरिए ट्रम्प को पद से हटाया जा सकता है और उनकी जगह पेंस खुद बाकी कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बन सकते हैं। इस बीच, करीब एक हफ्ते बाद डोनाल्ड ट्रम्प पहली बार सार्वजनिक तौर पर टेक्सास में नजर आए।
अपनों ने साथ छोड़ा
CNN ने एक रिपोर्ट में कहा- वाइस प्रेसिडेंट की पूरी कोशिश है कि वे रिपब्लिकन पार्टी और ट्रम्प को मुश्किल से बचाएं। चंद दिनों के लिए वे खुद राष्ट्रपति नहीं बनना चाहते। यही वजह है कि उन्होंने कांग्रेस में बहस के दौरान साफ कर दिया कि वे संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल करते हुए ट्रम्प को नहीं हटाएंगे। पेंस ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पीकर नैंसी पेलोसी को लेटर लिखकर अपने फैसले की जानकारी भी दे दी है। पेंस ने कहा- ऐसा करना देशहित में नहीं होगा।
क्या है अमेरिकी संविधान का 25वां संशोधन ?
25वें संशोधन के तहत उप-राष्ट्रपति को राष्ट्रपति बनने का अधिकार होता है। ये स्थिति तब आती है जब राष्ट्रपति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम नहीं होता। मसलन अगर राष्ट्रपति शारीरिक या मानसिक बीमारी के कारण जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे हों। सदन में इस समय 25वें संशोधन के सेक्शन चार पर बहस हो रही है जो उप-राष्ट्रपति को अधिकार देता है कि वो कैबिनेट की बहुमत के साथ मिलकर राष्ट्रपति ट्रम्प को तुरंत अयोग्य घोषित कर सकते हैं।
पार्टी में भी घिरे ट्रम्प
केंटुकी के सीनेटर मिच मैक्डोनेल ने ट्रम्प को सबसे बड़ा झटका दिया। वे रिपब्लिकन पार्टी के ही लीडर हैं। मिच ने कहा- व्यक्तिगत संबध अपनी जगह हैं। पार्टी का भी बहुत महत्व है। लेकिन, हम अमेरिकी हैं और हमें इस बारे में विचार करना होगा। मैं चाहता हूं कि ट्रम्प पर महाभियोग चलाया जाए। मेरे कई सहयोगी भी ऐसा ही चाहते हैं।
मिच का बयान इस बात का सीधा संकेत है कि रिपब्लिकन पार्टी में कुछ लोग अब ट्रम्प से छुटकारा पाना चाहते हैं। बुधवार को यह तय हो सकता है कि ट्रम्प पर महाभियोग चलाया जाएगा या नहीं। हालांकि, उन्हें सिर्फ यह राहत या रियायत है कि पेंस उनको नहीं हटाना चाहते।
क्या खुद को माफ करेंगे ट्रम्प
पद पर रहते हुए ट्रम्प के पास यह शक्ति है कि वे संघीय अपराधों यानी फेडरल चार्जेस से खुद की बरी कर सकते हैं। इसे सेल्फ पार्डन यानी स्वयं को माफी देना कहा जाता है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स नहीं मानते की ट्रम्प यह कदम उठाएंगे। अब तक यह तय नहीं है कि बाकी बचे एक हफ्ते में ट्रम्प खुद को माफ करने वाले ऑर्डर पर साइन करेंगे या नहीं। बहरहाल, गुरुवार को कैपिटल हिल में हुई हिंसा के बाद ट्रम्प मंगलवार को टेक्सास पहुंचे। यहां उन्होंने मैक्सिको बॉर्डर पर बनी दीवार को देखा।