प्रेम प्रसंग:नर्सिंग कर रही युवती ने डॉक्टर से गुपचुप निकाह किया, प्रेमी लेने आया तो हंगामा, सेफ हाउस भेजेयमुनानगर के पुराना हमीदा का मामला, 12 दिन पहले निकाह के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए थे
पुराना हमीदा में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर और नर्सिंग कर रही युवती ने चुपके से शादी कर ली। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। इसलिए उन्हें पहले ही डर था कि अगर वे शादी करते हैं तो विवाद हो सकता है।
डॉक्टर ने अपने धर्म के अनुसार लड़की से निकाह किया। यह निकाह 28 दिसंबर को किया गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए, लेकिन दोनों एक साथ रहना चाहते थे। दोनों को डर था कि कहीं उनके एक होने पर एरिया में विवाद न हो जाए। उन्होंने चुपके से हाईकोर्ट में प्रोटेक्शन के लिए एप्लीकेशन लगा दी।
इसी बीच सूचना लड़की के परिवार वालों तक पहुंच गई। लड़की को समझाने लगे तो मामला थाने तक पहुंच गया। देर रात तक पुलिस थाने में ही दोनों रहे। इसके बाद दोनों को सेफ हाउस भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि लड़की ने बयान दिया कि वह लड़के के साथ रहना चाहती है। वह बालिग हैं, इसलिए पुलिस ने दोनों को प्रोटेक्शन देते हुए सेफ हाउस भेज दिया।
वहीं डॉक्टर के हमीदा में स्थित क्लीनिक पर नजर रख रही है, क्योंकि डर है कि कहीं कोई क्लीनिक पर हमला न कर दे। हालांकि लड़के का क्लीनिक पुलिस चौकी के पास ही है। हमीदा चौकी इंचार्ज दौलतराम ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों शादी कर चुके हैं। उन्होंने हाईकोर्ट में सुरक्षा के लिए याचिका भी लगाई है। दोनों को सुरक्षा देकर सेफ हाउस भेज दिया गया है। लड़की के परिजनों की तरफ से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई।
इधर, दो नाबालिग लड़कियां लापता, एक को साढ़े 17 साल का लड़का ले गया
साढौरा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात उसकी 15 वर्षीय बेटी लापता हो गई। उन्होंने उसकी तलाश की तो पता चला कि साढौरा निवासी साढ़े 17 वर्षीय नाबालिग लड़का उसकी बेटी को शादी झांसा देकर बहला-फुसला कर कहीं अगवा करके ले गया है। पुलिस ने केस दर्ज किया है। उधर, शहर के अशोक विहार कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 9 जनवरी को शाम 8 बजे के करीब उसकी 17 वर्षीय बेटी लापता हो गई। उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।