वेदर अपडेट:प्रदेश में 4 दिन में 20.6 मिमी बारिश, आज से धुंध गहराएगी, 11 से 13 तक शीतलहर चलेगीप्रदेश के कई जिलों में बुधवार सुबह भी बारिश हुई। गुड़गांव के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 6 जनवरी तक राज्य में औसतन 20.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। जो सामान्य से 932 फीसदी अधिक है। इस अवधि में महज 2.0 मिमी. बारिश सामान्य मानी जाती है। पिछले 10 साल में ऐसा चौथी बार है, जब जनवरी में खूब बारिश हुई है।
2020 में जनवरी में 23 मिमी., 2017 में 33.8 मिमी., 2013 में 21.1 मिमी. बारिश हुई थी। जनवरी के पहले सप्ताह में सामान्य से कम ठंड रही है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का होना है। बुधवार को रात का तापमान सामान्य से 9 डिग्री अधिक रहा। नारनौल में यह 13.2 डिग्री तक पहुंच गया।
दिन का पारा सिरसा में 14.9 डिग्री पर आ गया। यानी दिन-रात के तापमान में सिर्फ 1.7 डिग्री का अंतर रह गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब 7 से 9 जनवरी तक गहरी धुंध छाने के आसार हैं। 8 जनवरी को बादल भी छा सकते हैं। 11 से 13 जनवरी तक काफी इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। रात का तापमान 6 डिग्री तक कम होगा।