वेदर अपडेट:24 घंटे में सामान्य से 2865% अधिक बरसात, कृषि विशेषज्ञ बोले- समय पर, सही मात्रा में हुई बारिश से फसलों में फुटाव अच्छा होगादेश में 3 दिन से बारिश हो रही है। अब तक औसतन 12.6 मिमी. बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 560% अधिक है। इस अवधि में 1.8 मिमी. बारिश सामान्य मानी जाती है। 5 जनवरी को 8.9 मिमी. बरसात दर्ज की गई। यह सामान्य से 2865% अधिक है। साल 2011 के बाद ऐसा 5वीं बार है, जब जनवरी में इतनी बारिश हुई। डबवाली के गांव मोड़ी में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे 26 वर्षीय राजेश की मौत हो गई।
बारिश से रात का पारा करनाल में सामान्य से 8 डिग्री ऊपर 15 डिग्री पर पहुंच गया। दिन का तापमान 16.8 डिग्री रहा। करनाल स्थित गेहूं निदेशालय के निदेशक डॉ. जीपी सिंह का कहना है कि यह बारिश फसलों में यूरिया के स्प्रे का काम करेगी। हिसार स्थित एचएयू के वीसी डॉ. समर सिंह का कहना है कि बारिश सही समय पर और सही मात्रा में हुई है। इससे फसलों में फुटाव अच्छा होगा। पाला भी इस बार कम जमा है, जिससे सब्जी की फसलों को राहत मिली।
पिछले 10 साल में जनवरी की बारिश
साल बारिश
2011 0.6
2012 4.3
2013 21.1
2014 12.9
2015 12.4
2016 0.0
2017 33.8
2018 5.0
2019 14.6
2020 23.0
(बारिश मिलीमीटर में)
इस बार 31.92 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें
फसल क्षेत्र
गेहूं 25.20 लाख
चना 38 हजार हेक्टेयर
जौ 20 हजार हेक्टेयर
सरसों 6.10 लाख हेक्टेयर
पल्सेस 4.0 हजार हेक्टेयर
आगे क्या? अब धुंध गहराएगी
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि अब अगले कुछ दिन सुबह धुंध गहराने की संभावना है। 7 से पारा गिरने लगेगा। फिर से कहीं-कहीं पाला भी जम सकता है। 13 जनवरी तक ठंड बनी रह सकती है।