मातम में बदली शादी की खुशियां:साले की सगाई से लौट रहे बाइक सवार दो साढ़ू को पुल पर वाहन ने मारी टक्कर, नहर में डूबने से दोनों की मौतपानीपत के जाटल पुल पर हुआ हादसा, गुरुवार देर रात जाटल से काबड़ी रोड आ रहे थे दोनों
जाटल गांव में साले की सगाई की खुशियों को एक हादसे ने गम में बदल दिया। साले की सगाई के बाद बाइक से काबड़ी रोड लौट रहे सगे साढ़ूओं को जाटल पुल पर अधिक कोहरा होने के कारण अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों दिल्ली पेरलल नहर में जा गिरे। इससे दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे रिश्तेदारों ने नहर में दोनों का शव निकाला। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर के किताब सिंह ने बताया कि उनका बेटा 29 वर्षीय विशाल गुरुवार को अपने साले सागर की सगाई में शामिल होने जाटल आया था। सगाई के बाद गुरुवार रात करीब 12:30 बजे वह सोनीपत के वेस्ट राम नगर निवासी अपने साढ़ू 35 वर्षीय सुरेश के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। जब वह समारोह स्थल से कुछ ही दूर जाटल पुल पर पहुंचे तो पीछे से एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
मजदूरी करते थे दोनों
किताब सिंह ने बताया कि उनका बेटा विशाल एक फैक्टी में काम करता था। विशाल को दो बेटे और एक बेटी है। वहीं, सोनीपत का सुरेश भी मजदूरी करता था। सुरेश के पास दो बेटी और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी थी।
बुआ के बेटे की शादी में चचेरी बहनों का उजड़ गया सुहाग
बुआ के बेटे सागर की शादी में चचेरी बहनें सुदेश और रेनू का सुहाग उजड़ गया। सुदेश का पति सुरेश व रेनू का पति विशाल, सगाई के चलते घर में अधिक मेहमान होने के कारण विशाल के साथ उसके काबड़ी रोड स्थित घर सोने के लिए आ रहे थे। रास्ते में मौत ने उन्हें नहर में खींच लिया।
अब नहीं जाएगी बारात
दो साढ़ूओं की मौत के बाद कई घरों में मातम छाया हुआ है। गांव के लोगों ने बताया कि आज शुक्रवार को बारात छाजपुर गांव जानी थी। अब बारात नहीं जाएगी। 2-4 लोग ही बहु को लेकर आएंगे।