उत्तर भारत में फिर शीतकहर:हिमाचल में भारी बर्फबारी से 400 सड़कें बंद, राजस्थान के बाड़मेर में ठंड ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ापहाड़ों पर बर्फबारी तेज होने से देशभर में ठंड बढ़ गई है। हिमाचल की राजधानी शिमला में बर्फबारी के बाद 401 सड़कें बंद हो गईं, जिससे सैकड़ों पर्यटक फंस गए। यहां पाइपलाइन में पानी जम गया। इधर, राजस्थान के बाड़मेर में ठंड ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां 24 घंटे में पारा 6.4 डिग्री लुढ़ककर 12.5 डिग्री से सीधे 6.1 डिग्री पर आ गया।हरियाणा में 4 दिन कड़ाके की ठंड
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश के बाद अब ठंड बढ़ेगी। नारनौल में रात का तापमान 1.6 डिग्री पर आ गया है, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। रोहतक में दिन का पारा 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। शीतलहर की रफ्तार तेज हो गई। हालांकि, धूप खिलने से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने हरियाणा में 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पारा जीरो के करीब आ सकता है। पाला जमने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 4 और 5 जनवरी को बारिश हो सकती है।
गुजरात में रात का पारा 4 डिग्री लुढ़का
उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से सूरत में ठंड फिर से लौट आई है। आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने से मैक्सिमम टेम्परेचर में 2 डिग्री और मिनिमम टेम्परेचर में 4 डिग्री की गिरावट आई है। पारा लुढ़कने से दिन में भी ठंडक का अहसास हुआ।
पंजाब में अगले 48 घंटे कोल्ड डे, शीतलहर चलेगी
पहाड़ों से चली बर्फीली हवाओं के चलते पंजाब के तापमान में औसत 4 डिग्री की गिरावट आ गई। बठिंडा में रात का तापमान 1.5 डिग्री रह गया, जबकि दिन में पारा 14 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। फिरोजपुर में रात का पारा 2.4 डिग्री और दिन का पारा 12 डिग्री रहा। राज्य में आने वाले 48 घंटे में गहरी धुंध छाने का अलर्ट जारी किया गया है।