

हरियाणा नगर निकाय चुनाव:3 महानगरों में वोटिंग पर दिखा ठंड का असर, रेवाड़ी और छोटे कस्बों में लोग रहे उत्साहित; सबसे ज्यादा 80.7 प्रतिशत मतदानअंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम के मेयरों का चुनाव पहली बार सीधे तौर पर कर सकेंगे मतदाता
रेवाड़ी जिला परिषद के अलावा रोहतक की सांपला, रेवाड़ी की धारूहेड़ा और हिसार की उकलाना नगर पालिका में भी मतदान जारी
(भास्कर टीम). हरियाणा में कड़क ठंड के बीच 7 नगर निकायों के लिए रविवार को मतदान प्रक्रिया हो गई है। राज्य में अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम के मेयरों के साथ ही पहली बार रेवाड़ी जिला परिषद के अलावा रोहतक की सांपला, रेवाड़ी की धारूहेड़ा और हिसार की उकलाना नगर पालिका के प्रधान का प्रत्यक्ष चुनाव हो रहा है। इसी बीच आज एक ही चरण में मतदान प्रक्रिया चली। हालांकि 3 महानगरों पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में ठंड का असर साफ देखने को मिला। यहां वोट प्रतिशत 54 से 56 के बीच ही सिमटकर रह गया, जबकि रेवाड़ी नगर परिषद के अलावा 3 नगर पालिकाओं में वोटर्स ने खासा उत्साह दिखाया। सांपला में सबसे ज्यादा 80.7 प्रतिशत मतदान हुआ।इस तरह चली प्रक्रिया
सामान्य मतदाताओं के लिए शाम साढ़े 4 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का वक्त था। इसके बाद साढ़े 5 बजे तक कोरोना के लक्षणों वाले या संक्रमित मतदाताओं को वक्त दिया गया।
इस बार लोग चुनेंगे पंचकूला के मेयर को इस बार मेयर सीधे लोगों द्वारा चुना जाएगा। पहले विभिन्न वार्डो से चुनकर गए पार्षद अपने में से किसी एक को मेयर चुनते थे।
मतदान के प्रति लोगों में सुबह से ही उत्साह है। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिल रही है। हालांकि कई जगह ठंड का असर साफ देखा जा सकता है। इन्हीं में से एक अंबाला नगर निगम के वार्ड-6 का बूथ नंबर 155 है, जहां इक्का-दुक्का वोटर ही नजर आया। यहां दिव्यांग रोहित सुबह 8 बजे सबसे पहले वोट डालने आया।
युवा वोटर पूजा ने बताया वह पहली बार वोट करने के लिए आई है। उसने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि अंबाला के विकास में मेरा भी योगदान होगा। सीमा रानी ने कहा कि उन्होंने अपने इलाके की समस्याओं को ध्यान में रखकर वोट डाला है।
असमर्थ मतदाताओं को दिक्कत भी आई
अंबाला में भारत कुमार ने बताया कि वह अपनी माता वीना रानी की वोट डलवाने लेकर आया है, जो टांगों के ऑपरेशन के कारण चलने में असमर्थ है। भारत ने आरोप लगाया कि यहां व्हील चेयर उपलब्ध नही है और न ही कोई भी कर्मचारी उनकी मदद को आगे आया।
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में थे कुल इतने मतदाता
अंबाला में 3 लाख 3 हजार 650 मतदाताओं को 20 वार्डों के पार्षद पद के लिए 106 और मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने का हक दिया गया।
पंचकूला में कुल 1,85,644 में से 98,323 पुरुष, 87,316 महिला और 5 ट्रांसजेंडर को इस बार लोग चुनने का अधिकार था।
सोनीपत के 20 वार्डों के लिए आज 2 लाख 46 हजार 871 मतदाताओं को मतदान का अधिकार था।