नगीना क्षेत्र के 40 गांवों में नहीं सिंचाई के लिए पानीअन्नदाता कड़ाके की ठंड में आंदोलन पर डटा
December 27, 2020
किसान आंदोलन को लेकर पुलिस अलर्ट,पंचगांव से दिल्ली-जयपुर हाइवे का किया गया है ट्रैफिक डायवर्ट
December 27, 2020

सिटी बस सेवा एफएमडीए जल्द शुरू करेगा, गुड़गांव से मंगाई जाएंगी बसें

सिटी बस सेवा एफएमडीए जल्द शुरू करेगा, गुड़गांव से मंगाई जाएंगी बसें, तैयार किया जा रहा रूटचार्टसरकार ने कैबिनेट की बैठक में लिया फैसला, अभी शहर में सिटी बस सेवा की नहीं है सुविधा
नए साल 2021 में शहरवासियों को नई सौगात मिलने वाली है। फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) सिटी बस सेवा की शुरूआत करेगा। इसके लिए गुडग़ांव से बसें मंगाई जाएंगी। अधिकारियों की टीम रूटचार्ट तैयार करने में जुटी है। पिछले दिनों राज्य सरकार ने गुड़गांव की तर्ज पर फरीदाबाद में भी सिटी बस सेवा शुरू करने की मंजूरी दी है।

क्योंकि करीब 22 लाख की आबादी वाले इस शहर में अभी एक से दूसरे सेक्टर अथवा एक से दूसरी कॉलोनी में आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन सेवा की सुविधा नहीं है। ऐसे में शहरवासियों को अपने निजी साधन या फिर ऑटो में धक्के खाने पड़ते हैं। अधिकारियों की मानें तो पहले चरण में गुड़गांव से 20-25 बसें मंगाई जाएंगी। उन रूटों पर पहले सेवा शुरू की जाएगी जिन पर यात्रियों का आवागमन अधिक होता है।

बसें समय सारिणी के अनुसार चलेंगी। यानी यात्री उक्त समय सारिणी के अनुसार स्टापेज पर आकर बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। अभी हरियाणा रोडवेज की बसें जिले के कुछ चुनिंदा गांवों के लिए चलाई जा रही हैं। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो 10-12 बसें लोकल रूटों पर चलाई जा रही हैं। इनमें सोहना, मोहना, दुलेपुर, मंझावली, राजपुर, ददसिया और अंनगपुर के लिए चलती हैं।

लेकिन इन बसों की कोई टाइमिंग नहीं होती। यदि किसी को बल्लभगढ़ रोडवेज डिपो से सेक्टर-12 लघु सचिवालय अथवा कोर्ट परिसर जाना है तो उसे ऑटो में धक्के खाने पड़ेंगे। साथ ही किराया भी अधिक देना पड़ता है। यही नहीं नेशनल हाईवे से किसी भी सेक्टर अथवा कॉलोनी आने-जाने के लिए कोई कनेक्टिविटी नहीं है।

करीब 22 लाख से अधिक आबादी वाले इस शहर में औद्योगिक क्षेत्रों से लेकर अन्य आवासीय क्षेत्रों में आने-जाने का एक मात्र साधन ऑटो है। पूरे शहर में 25 हजार से अधिक ऑटो विभिन्न रूटों पर दौड़ते हैं। यदि ऑटो से किसी सेक्टर अथवा कॉलोनी में आना-जाना हो तो वह मुंह मांगा किराया वसूलते हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी ये भरोसेमंद नहीं हैं। खासकर शाम और रात को। ऐसे में सिटी बस सेवा के शुरू होने से लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी।

राज्य सरकार की ये है प्लानिंग

प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का कहना है कि फरीदाबाद नगर परिवहन सेवा लिमिटेड (एफसीटीएसएल) द्वारा राज्य परिवहन उपक्रम (एसटीयू) के रूप में संचालित की जाने वाली सिटी बस सेवाओं के लिए फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) अब क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के रूप में कार्य करेगा।

सरकार ने फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र के भीतर फरीदाबाद नगर परिवहन सेवा लिमिटेड को राज्य परिवहन उपक्रम घोषित किया है। राज्य सरकार ने फरीदाबाद नगर परिवहन सेवा लिमिटेड द्वारा संचालित सिटी बस सेवा के संबंध में स्टेज कैरिज परमिट के लिए मार्गों, समय सारिणी जारी करने, कर्मचारियों के कार्य के घंटे और पार्किंग स्थल का निर्धारण करने के लिए एफएमडीए को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के रूप में घोषित किया है।

एफएमडीए विशेष रूप से फरीदाबाद में सिटी बस सेवाओं के संचालन के संबंध में फरीदाबाद नगर परिवहन सेवा लिमिटेड के रूप में कार्य करेगा। इसलिए यह निर्णय फरीदाबाद नगर परिवहन सेवा लिमिटेड को राज्य परिवहन उपक्रम के रूप में कार्य करने में मदद करेगा, जिससे फरीदाबाद में आम जनता के लिए पर्याप्त एवं बेहतर समन्वित परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।

राज्य सरकार के निर्देश पर एफएमडीए परिवहन सेवा जल्द शुरू करेगा। इस सेवा को शुरू करने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। रूटचार्ट और समय सारिणी निर्धारित करने पर मंथन हो रहा है। अभी गुडग़ांव से कुछ बसें मंगाकर यहां चलाई जाएंगी। इसके बाद जरूरत अनुसार अन्य रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी। निश्चित रूप से इससे शहरवासियों को परिवहन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Updates COVID-19 CASES