आज और कल बारिश के आसार, फिर 2 दिन शीतलहर चलेगी और पाला जमेगादेश के मैदानी इलाकों में हिसार सबसे ठंडा, पारा 2.2 डिग्री पर आया
प्रदेश में शनिवार काे हिसार देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। नारनौल में पारा 3, करनाल, रोहतक में 4 डिग्री रहा। वहीं, अम्बाला में दिन का तापमान 16.6 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 व 28 को पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होगी। इससे मैदानी इलाकों में 29 व 30 दिसंबर को शीतलहर चलने के अासार हैं। कहीं-कहीं पाला भी जम सकता है। रात के तापमान में कमी आएगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर के बाद धुंध और गहराएगी।
प्रदेश में शिमला से भी ठंडे हुए दिन-रात
हरियाणा में दिन व रात फिलहाल शिमला से ठंडे हैं। शिमला में दिन का तापमान 17.7 डिग्री रहा, जबकि हरियाणा के अम्बाला में यह 16.6 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में रात का पारा 7 डिग्री रहा, जबकि हिसार में यह 2 डिग्री रहा। यही नहीं, ज्यादातर जिलों में यह 5 डिग्री से कम ही रहा।