कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला:किसानों के प्रति थका दो और भगा दो की नीति पर काम कर रही केंद्र सरकार: सुरजेवालाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुक्रवार को किसानों से किए गए संवाद पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरने की कोशिश की। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के मुद्दे पर ‘थका दो और भगा दो’ की नीति पर काम कर रही है। चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 31 दिन से कंपकपाती सर्दी में देश का अन्नदाता किसान ‘दिल्ली के दरवाजे’ पर न्याय की गुहार लगा रहा है।
अब तक 44 किसानों की शहादत हो चुकी है। प्रधानमंत्री टीवी पर सफाई और उनके मंत्री चिट्ठियों की दुहाई तो देते हैं, मगर मुट्ठीभर पूंजीपतियों की सेवक मोदी सरकार किसान की दुश्मन बन बैठी है। उन्होंने कहा कि सम्मान निधि के नाम पर स्वांग रचा गया है। भारत में कृषि जनगणना 2015-16 के अनुसार कुल 14.64 करोड़ किसान हैं, जो 15.78 करोड़ हेक्टेयर जमीन पर खेती करते हैं।
2018 में किसान सम्मान निधि योजना शुरू हुई। साल 2018-19 में किसानों के खाते में 88,000 करोड़ रुपए की बजाय मात्र 6,005 करोड़ रु. डाले गए। 2019-20 में 49,196 करोड़ रुपए और 2020-21 में अब तक 38,872 करोड़ रुपए डाले हैं। जबकि यह सालाना राशि 88,000 करोड़ रुपए होने चाहिए। यानी सरकार सभी किसानों को लाभ नहीं दे रही है।
किसानों के समर्थन व पंजाब में छापेमारी के खिलाफ प्रदेश की मंडियों में रही हड़ताल
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल आवाहन पर शुक्रवार को अनाज मंडियों में हड़ताल रही। प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने इसे ऐतिहासिक हड़ताल बताया है। यह हड़ताल किसान आंदोलन के समर्थन और पंजाब के व्यापारियों पर छापेमारी के विरोध में की गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापारियों को तंग करना बंद नहीं किया व तीन कृषि काले कानूनों को वापस नहीं लिया तो राष्ट्रव्यापी व्यापार बंद का आवाह्न किया जाएगा।