पाकिस्तान में ईसाई लड़की की हत्या:मुस्लिम लड़के ने लड़की के घर भेजा शादी का प्रस्ताव, परिवार ने मना किया तो गोली मार दीपाकिस्तान के रावलपिंडी में रविवार को एक मुस्लिम लड़के ने ईसाई लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी। मृत लड़की का नाम सोनिया था। शहजाद नामक लड़के ने लड़की के घर शादी का प्रस्ताव भेजा था। लड़की के माता-पिता ने इसे मानने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
इस मामले में रावलपिंडी के कोराल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, लड़की रविवार को फैजान के साथ हाइवे पर जा रही थी। इस बीच, शहजाद ने उसपर गोलियां चला दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी शहजाद को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आपसी रंजिश का मामला बताया
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। हालांकि, पुलिस के डीआईजी ने मामले के सभी पहलुओं की जांच की बात कही है। पाकिस्तान में पिछले महीने एक ईसाई लड़की आरजू राजा को अगवा करने, धर्म बदलवाने और जबरन एक 44 साल के मुस्लिम व्यक्ति से शादी कराने का मामला सामने आया था।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों से होता है भेदभाव
पाकिस्तान ने कई मौकों पर अल्पसंख्यक समुदायों की रक्षा का भरोसा दिलाया है। लेकिन, इनके साथ भेदभाव होता रहा है। हिंसा, हत्या, अपहरण, रेप और जबरन धर्म परिवर्तन जैसी घटनाएं होती हैं। हिंदू, ईसाई, सिख, अहमदिया, और शियाओं को बहुत मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने हाल ही में कहा था कि अल्पसंख्यक समुदायों पर भयानक हिंसा हुई है।