कोरोना का कहर:ओपी चौटाला समेत 1660 पॉजिटिव मिले, 35 की मौत, 2646 ठीक हुए, 500 मौतें सिर्फ 21 दिन में हुईंप्रदेश में कोरोना से 2501 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 87% मौतें डायबिटीज, हाइपरटेंशन, कैंसर, किडनी, अस्थमा आदि से पीड़ित व 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की हुई हैं। पिछले 21 दिन में 500 मौतें हुई हैं। 5 दिन में ही 100 से ज्यादा मरीज दम तोड़ चुके हैं। बुधवार को 35 लोगों की जान चली गई। कुछ दिनों से फरीदाबाद, गुड़गांव, हिसार, भिवानी में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। 415 की हालत अभी गंभीर बनी हुई हैं।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ सुरजभान कंबोज का कहना है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ने की एक वजह ठंड भी है। सर्दी में अस्थमा के रोगियों को दिक्कत बढ़ती है। यदि संक्रमण होता है तो यह डबल अटैक हो जाता है। एक दिन में 1660 नए मरीज मिले हैं। पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2646 लोग ठीक हुए। प्रदेश में अभी 17337 सक्रिय मरीज हैं। अब तक कुल 238321 संक्रमितों में से 218443 स्वस्थ हो चुके हैं।
अभय चौटाला के बेटे कर्ण व अर्जुन चौटाला की शादी की रिस्पेशन पार्टी में ओपी चौटाला से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, इनेलो विधायक अभय चौटाला, अकाली सांसद सुखबीर बादल ने मुलाकात की थी। योग गुरु स्वामी रामदेव भी अभय के परिवार से मिलकर गए थे। रामदेव अगले दिन सीएम मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज के साथ योग और बैठक में रहे।
24 घंटे में यहां मौतें
गुड़गांव, फरीदाबाद, हिसार में 5-5, पानीपत में 4, यमुनानगर, रोहतक, झज्जर, भिवानी, पंचकूला में 2-2, रेवाड़ी, अम्बाला, दादरी, करनाल, सिरसा, पलवल में 1-1 मौत हुई है।
देश में 135 दिन बाद 4.25 लाख से कम हुए सक्रिय मरीज
देश में कोरोना मरीज 95 लाख पार हाे गए हैं। 24 घंटे में 35,613 मरीज मिले। 41,617 ठीक हुए। अब तक 89,70,701 ठीक हुए हैं। देश में सक्रिय मरीज 4,23,179 बचे हैं, जो 20 जुलाई यानी 135 दिन बाद सबसे कम हैं। उधर, ओडिशा में आरटी-पीसीआर टेस्ट देश में सबसे सस्ता 400 रुपए में होगा। वहीं, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया है कि वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद पंजाब में सबसे पहला डोज वह खुद लेंगे।