कृषि कानूनों का विरोध:हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को गोद लिए गांव में झेलनी पड़ी किसानों की नाराजगी, दिखाए गए काले झंडेमंत्री विज गुरुपर्व के मौके पर अंबाला के पंजोखरा गांव के गुरुद्वारे में मत्था टेकने गए थे
वापस जाने लगे तो गांव के किसानों ने उनकी कार घेर ली और हंगामा शुरू कर दियाहरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को अपने ही गोद लिए गांव में किसानों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी की। मंत्री विज गुरुपर्व के मौके पर अंबाला के पंजोखरा गांव के गुरुद्वारे में मत्था टेकने गए थे।
मत्था टेकने के बाद जब गृह मंत्री वापस जाने लगे तो गांव के किसानों ने उनकी कार घेर ली और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने काले झंडे दिखाए। लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने मुश्किल से मंत्री विज की कार को वहां से निकाला।
भाजपा और जजपा नेताओं का विरोध करने का फैसला
बताया जा रहा है कि किसानों ने गांव में आने वाले भाजपा और जजपा नेताओं का विरोध करने का फैसला लिया है। वहीं हंगामे के दौरान किसानों और पुलिस वालों के बीच टकराव भी हुआ। किसानों ने पुलिस वालों पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए।
उधर, मंत्री विज का कहना है कि किसान आंदोलन अब खत्म होना चाहिए। बातचीत करके किसानों की समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। किसानों के लिए यह अब सम्मान का विषय बन गया है, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्हें कृषि कानूनों को लेकर बहकाया जा रहा है।