बस सेवा पर ब्रेक:पांच दिन से बंद है पानीपत से दिल्ली और पंजाब की बस सेवा, यात्री परेशानकिसान आंदोलन के कारण सोनीपत तक ही चल रही बसें, पंजाब में चंडीगढ़ तक सेवापिछले पांच दिनाें से पानीपत से दिल्ली और पंजाब जाने वाले यात्री फंस कर रह गए हैं। किसान आंदोलन के कारण 26 नवंबर से पानीपत से दिल्ली और पंजाब की बस सेवा पूरी तरह से बंद है। यात्रियों को यूपी से होकर दिल्ली जाना पड़ रहा है। बसें न चलने के कारण रोडवेज को भी लाखों का घाटा उठाना पड़ रहा है। हालांकि दिल्ली के लिए रोजाना छह ट्रेनें चलने से लोगों को राहत मिली है।
26 नवंबर से किसान सड़कों पर हैं। किसानों ने पंजाब से दिल्ली के लिए कूच किया हुआ है। जिस कारण 26 नवंबर से ही पंजाब से लेकर दिल्ली तक की बस सेवा बाधित है। पानीपत से दिल्ली और पंजाब के लिए रोजाना 20 से अधिक बसों का संचालन होता था। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी की जाती थी। अब बीते पांच दिनों से दिल्ली और पंजाब के लिए बस सेवा पूरी तरह से बंद है।
पानीपत से सोनीपत और चंडीगढ़ तक बस सेवा जारी है। दिल्ली जाने वाले यात्री पहले यूपी से होकर पहुंच रहे थे, लेकिन अब यूपी में भी किसान आंदोलन ने रफ्तार पकड़ ली है। इस कारण दिल्ली और पंजाब जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो राज्यों के लिए बस सेवा रुकने से रोडवेज को भी लाखों का घाटा उठाना पड़ रहा है।
दिल्ली के लिए रोजाना हैं 6 ट्रेनें
वर्तमान में रोजाना पानीपत से दिल्ली के लिए रोजाना 6 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हांलाकि पंजाब में किसान आंदोलन के कारण ट्रेनों से संख्या कम हुई है। SS धीरज कपूर ने बताया कि दिल्ली रोजाना 6 एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।