कोरोना संकट:एक दिन में पहली बार नए मरीजों से 1000 ज्यादा ठीक हुए, 26 दिन बाद 2000 से कम केस मिलेप्रदेश में 24 घंटे में 1794 नए संक्रमित मिले, 2794 ठीक हुएप्रदेश में रविवार को कोरोना को लेकर राहतभर आंकड़े सामने आए। पहली बार कोरोना के नए मरीजों से एक हजार अधिक मरीज ठीक हुए हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मरीजों के मुकाबले 36% ज्यादा है। वहीं, 26 दिन बाद नए मरीजों की संख्या 2 हजार से कम रही। इससे पहले 3 नवंबर को 2 हजार से कम मरीज मिले थे। रविवार को 1794 नए मरीज मिले। जबकि 2794 ठीक हुए।
सबसे ज्यादा फरीदाबाद में 736 तो गुड़गांव में 681 मरीजों ने कोरोना को हराया है। 22 में से 17 जिले ऐसे हैं, जहां नए मरीज के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या अधिक रही। पलवल में एक भी मरीज ठीक नहीं हुआ। अब कुल संक्रमितों की संख्या 2,33,197 हो गई है। वहीं, ठीक होने वालों का आंकड़ा भी 2,11,216 हो गया है। अब सक्रिय मरीज घटकर 19567 रह गए हैं। इनमें 407 की हालत गंभीर है। 24 घंटे में 35841 लोगों के सैंपल लिए गए।
24 घंटे में 27 मरीजों की मौत, इनमें से 18 मौतें फरीदाबाद, गुड़गांव और हिसार में हुई
पिछले 24 घंटे में 27 मौत हुई। फरीदाबाद, गुड़गांव व हिसार में लगातार मौतों की संख्या बढ़ रही है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 7 लोगों की जान फरीदाबाद में गई। हिसार में 6, गुड़गांव में 5 मरीजों ने दम तोड़ा। रोहतक, भिवानी में 2-2, कुरुक्षेत्र, पानीपत, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा में 1-1 मौत हुई है। अब तक 2414 लोगों की जान जा चुकी है।
वैक्सीन का गंभीर असर, 5 करोड़ मुआवजा दिया जाए: वॉलंटियर
ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनका की कोरोना वैक्सीन ‘कोविशील्ड’ का जिन लोगों (वॉलंटियर्स) पर परीक्षण हुआ, उनमें से एक व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाए थे। इसके साथ उसने कोविशील्ड का उत्पादन कर रही कंपनी सीरम-इंडिया से 5 करोड़ रुपए का मुआवजा भी मांगा था। लेकिन अब सीरम उसके खिलाफ 100 करोड़ का दावा ठोकने की तैयारी कर रही है। इस आधार पर कि उसके लगाए तमाम आराेप झूठे थे। इनसे कंपनी की छवि खराब हुई है। कंपनी ने कहा, ‘हमें वॉलंटियर (जिसने आरोप लगाए) से सहानुभूति है। पर उसके आरोप दुर्भावनापूर्ण है। वैक्सीन के परीक्षण और वॉलंटियर की चिकित्सा स्थिति का आपस में कोई संबंध नहीं है।’ चेन्नई के एक 40 वर्षीय वाॅलंटियर ने दवा की खुराक लेने के बाद उसमें गंभीर न्यूरोलॉजिकल और मनोवैज्ञानिक लक्षण देखे जा रहे हैं। इन आरोपों के साथ उसने एक फर्म के जरिए कंपनी को 5 करोड़ रुपए मुआवजे के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। डीजीसीआई जांच कर रहा है। विभिन्न पक्षों को नोटिस जारी किए हैं।