टिकरी बॉर्डर:सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सड़कों पर किसानों का हल्ला बोल, 8 घंटे संघर्ष के बाद खुली दिल्ली की राहयुवा किसानों ने आंसू गैस के गोले उठा वापस दिल्ली पुलिस की ओर फेंके
थ्री लेयर सुरक्षा: 500 किसानों को देखते हुए सुरक्षा के 3 घेरे बनाए गए
आरोप: किसान बोले- पुलिस ने पैलेट गन चलाई, छर्रे लगने से कई घायलकृषि कानूनों के खिलाफ ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के तहत राेहद टाेल काे पार करते हुए किसानाें का जत्था सुबह 9 बजे बहादुरगढ़ में दिल्ली के टिकरी बाॅर्डर पर पहुंच गया। पहले से बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान थ्री लेयर सुरक्षा में तैनात थे। 500 से ज्यादा किसानाें ने ट्रैक्टर-ट्रालियाें के साथ आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने हल्के लाठीचार्ज के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
आंसू गैस के गाेले छाेड़े। किसान भी तैयारी से थे। युवा किसानाें ने पानी से भिगी बाेरियां आंसू गैस के गाेले पर डालनी शुरू की ताे कुछ किसान ताे गाेलाें काे उठाकर वापस पुलिस की ओर फेंकने लगे। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पैलेट गन भी चलाई, जिसमें छर्रे लगने से घायल हो गए। रतिया से आए किसान सतनाम सिंह ने कहा कि हाथ में पैलेट गन के छर्रे लगने के कारण वे टिकरी बाजार में फर्स्ट एड लेने गए थे। खून नहीं रुकने पर वे दूसरे डाॅक्टर की तलाश में भागे।
किसानों ने पुलिस की ओर से सड़क के बीच लगाए कैंटर को अपने ट्रैक्टर से ही खींच दिया। तनाव के चलते आसपास का बाजार पूरी तरह बंद हो गया। करीब दो घंटे संघर्ष के बाद हाईवे नंबर-9 पर ही किसान धरना देकर बैठ गए। मुक्तसर से आए गुरुजन सिंह व बरनाला से आए जिला प्रधान जागर सिंह समेत अन्य किसानों से दिल्ली के अधिकारियों की बात चलती रही, लेकिन किसान दिल्ली जाने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर बाद टिकरी गांव से भी किसानों के लिए खाना आया।
पंजाब से आए किसानों ने सड़क पर ही लंगर बनाया। इस दौरान वाहनों को इंडस्ट्रियल एरिया व निजामपुर गांव की ओर से निकाला गया। करीब 5 बजे दिल्ली पुलिस ने बातचीत के बाद दिल्ली के वजीरपुर के पास बुराड़ी जाने की किसानों को इजाजत मिल गई। करीब 5 बजे कुछ ट्रालियां गईं। इसके बाद करीब 6 बजे तक सभी किसान बुराड़ी के लिए रवाना हो गए। सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक किसानों व सुरक्षा बल के बीच छिटपुट झड़प होती रही।
एनएच-9 पर लगाए नाके को तोड़ दिल्ली रवाना हुए किसान
फतेहाबाद के हिसार रोड पर एनएच 9 पर गांव भोडा होशनाक के पास पुलिस ने बैरिकेड, पत्थर व मिट्टी डालकर रास्त बंद कर किसानों को रोका हुआ था। यह किसान पंजाब व जिले के विभिन्न एरिया से यहां पहुंचे हुए थे। शाम साढ़े 4 बजे किसानों ने नाके को तोड़ दिया। हालांकि टकराव नहीं हुआ। इसके बाद हजारों की तादाद में किसान दिल्ली की ओर रवाना हो गए।