खेती कर रहे माही:धोनी के फार्म हाउस के ऑर्गेनिक टमाटर का रेट 40 रु. किलो, पहले दिन बिका 71 किलो; गाय का दूध 55 रु. लीटर20 दिन बाद पत्तागोभी, बींस, फूलगोभी भी आ जाएंगी, स्ट्रॉबेरी और ब्रोकली की खेती भी हो रहीक्रिकेट में चौके-छक्के लगाने के बाद महेंंद्र सिंह धोनी अब खेती-किसानी में भी हेलीकॉप्टर शॉट मार रहे हैं। तीन साल पहले धोनी ने धुर्वा स्थित सेंबो फॉर्म हाउस में खेती और डेयरी का काम शुरू किया था। अब वहां बड़ी तादाद में सब्जियां उग रही हैं। दूध का उत्पादन भी हो रहा है। ईजा फॉर्म नामक ब्रांड से उत्पादों की बिक्री हो रही है। सोमवार को टमाटर और दूध की बिक्री शुरू हो गई। हालांकि, धोनी अभी परिवार के साथ दुबई में हैं।
उनके धुर्वा सेंबो स्थित फार्म हाउस की ऑर्गेनिक सब्जियां बाजार में मिलने लगी हैं। अभी मार्केट में सिर्फ टमाटर और दूध बिक रहे हैं। बाजार में टमाटर 40 रु. किलो बिक रहा है। 80 किलो टमाटर में 71 किलो बिक गए। 20 दिनों के बाद पत्ता गोभी, बींस, फूलगोभी भी बाजार में आ जाएंगी। यहां स्ट्रॉबेरी और ब्रोकली की भी खेती हो रही।धोनी के फार्म में उगाई गईं सब्जियों की मार्केटिंग शिवनंदन संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि धोनी ने कुछ दिन पहले मिलने बुलाया और कहा- फार्म में सब्जियां और दूध का उत्पादन हो रहा है। इसकी मार्केटिंग करनी है। इसके बाद एग्रीमेंट तय हुआ और सब्जियां बिकनी शुरू हो गईं।
कड़कनाथ मुर्गों की फार्मिंग भी हो रही, जल्द मिलेंगे
शिवनंदन ने कहा कि दूध 55 रु. लीटर बेचा जा रहा है। इसमें किसी तरह की मिलावट नहीं है। पंजाब से 60 गाय लाए थे। जर्सी और शहवाल किस्म की गाय का दूध बाजार में बेच रहे हैं। अभी अपर बाजार, लालपुर, वर्धमान कंपाउंड में बिक्री हो रही है। इसके अलावा पीपी कंपाउंड में भी जल्दी ही काउंटर खोले जाएंगे। मालूम हो कि धोनी ने अपने फॉर्म हाउस के लिए कड़कनाथ मुर्गे के चूजे भी मंगाए हैं। लगभग 2 हजार चूजे अभी फॉर्म हाउस में हैं।