

निकिता हत्याकांड:सांसद कृष्ण पाल गुर्जर निकिता के परिवार से मिले, कहा-जल्द इंसाफ होगा; एसआईटी भी जांच के लिए पीड़ित के घर पहुंचीपुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने कहा- पुलिस के पास अदालत में पैरवी के लिए काफी सबूत मौजूद
सोमवार को निकिता की कांग्रेस विधायक के चचेरे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी थी
फरीदाबाद में बीकॉम की छात्रा निकिता तोमर की हत्या के मामले में गठित एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह एसआईटी टीम निकिता के घर पहुंची। निकिता के पिता मूलचंद और भाई नवीन से भी टीम पूरे मामले को विस्तार से समझा। मंगलवार को बल्लभगढ़ में जोरदार प्रदर्शन के बाद हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने निकिता हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी के गठन के आदेश दे दिए थे। इसी बीच आज सांसद कृष्ण पाल गुर्जर ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द न्याय का भरोसा दिलाया है।बता दें कि बल्लभगढ़ में दो दिन पहले सोमवार को निकिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस में दर्ज परिजनों के बयान के मुताबिक बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा निकिता दोपहर बाद करीब पौने 4 बजे पेपर देकर अग्रवाल कॉलेज के बाहर लेने आने वाले अपने भाई का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान कार सवार दो युवकों ने उसे जबरदस्ती कार में बिठाकर अगवा करने की कोशिश की। अपहरण की कोशिश में नाकाम रहने के बाद युवक निकिता को गोली मारकर फरार हो गए थे।
मंगलवार को इस मामले में परिजनों और सैकड़ों अन्य लोगों ने रोड जाम करके स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इसी बीच पुलिस ने मेवात के कांग्रेस विधायक आफताब आलम के चचेरे भाई तौसिफ और उसके दोस्त रेहान को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।इस मामले में पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह की मानें तो पुलिस के पास अदालत में पैरवी के के लिए सबूत काफी हैं। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी वगैरह को बरामद करेगी।
आरोपी तौसिफ के हाथों पर लगा मिला गन पाउडर
उधर, पुलिस की फारेंसिक टीम को आरोपित के हाथ पर गन पाउडर मिल गया है। फारेंसिक लैब में इस पाउडर का मिलान उस देशी पिस्तौल से कराया जाएगा, जिससे निकिता को गोली मारी गई। अगर मिलान हो जाता है तो अदालत में साबित करना आसान होगा कि तौसीफ ने ही उस देशी पिस्तौल से गोली चलाई। साथ ही, इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।