बादल छाने से गिरेगा तापमान, कल से दिन में भी बढ़ेगी ठंडकगुलाबी ठंडक धीरे-धीरे बढ़ रही है। इस बीच पाकिस्तान से जम्मू एंड कश्मीर की तरफ से आ रहा पश्चिमी विक्षोभ ठंड काे बढ़ाएगा। विक्षोभ के गुजरने के बाद बादल छा सकते हैं। दिन का तापमान 4 डिग्री तक गिरेगा। न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट आ जाएगी। यह बदलाव 22 अक्टूबर से आना शुरू हो जाएगा।
मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए हरियाणा कृषि मौसम विभाग ने किसानों के लिए निर्देश जारी किए हैं। ताकि फसल को बचाया जा सके। 24 सितंबर से अरेबियन हवाओं के पानीपत पहुंचने के कारण मौसम में अचानक की बदलाव आ गया था। रात के तापमान में एक-एक डिग्री कर गिरावट आना शुरू हो गया लेकिन पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण दिन का तापमान स्थिर रहा।
17 अक्टूबर से विंड पैटर्न में बदलाव आ गया। 17 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और दिन का तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। पश्चिमी हवाएं चलने लगीं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तरी हवाओं के साथ मैदानी इलाकों में पहुंच गया। इससे न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 15 डिग्री और अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 33 डिग्री पर आ गया।
रात का तापमान भी 13 डिग्री तक पहुंच सकता है
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीपी दुबे ने बताया कि पाकिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ एक्टिवेट हुआ है। जो जम्मू एंड कश्मीर की तरफ बढ़ रहा है। बुधवार से आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। दिन के तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आ जाएगी। रात का तापमान भी 13 डिग्री तक पहुंच जाएगा।