प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर:राज्य में अगले 5 साल में एक लाख पदों पर होंगी भर्तियां, मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा- आईटी के जरिए सरकारी तंत्र में पारदर्शिता लाने की पहलप्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उन्हें सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। क्योंकि राज्य सरकार अगले 5 साल में एक लाख पदों पर भर्ती करने की तैयारी कर रही है। खुद सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पहले के पांच साल में करीब 85 हजार पदों पर भर्तियां की है। अगले 5 साल में एक लाख पदों पर भर्तियां निकाली जाएंगी।
हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि पिछले छह वर्षों में आईटी के जरिए सरकारी तंत्र में पारदर्शिता लाने व व्यवस्था में परिवर्तन लाने की पहल की है। इस कड़ी में काफी हद तक सफलता मिली है। चाहे वह मैरिट के आधार पर भर्तियां करने की बात हो या शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी। सीएम ने कहा कि जो मैरिट के आधार पर कर्मचारी भर्ती किए गए हैं, निश्चित रूप से वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और भ्रष्टाचार से दूर रहेंगे।
पटरी पर लौटी प्रदेश की अर्थव्यवस्था
कोरोना के कारण प्रभावित हुई अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट आई है। सीएम ने कहा कि रोडवेज को छोड़ दें तो बाकि सभी विभागों में राजस्व ठीक आ रहा है। माइनिंग से पिछले साल 330 करोड़ हुई थी, जो इस साल अब तक 338 करोड़ रुपए हो चुकी है। जीएसटी और वेट भी पूरा हो गया है। विकास पर जरूर असर पड़ा है।
किसान की मौत पर बोले- ट्रैक्टर के सामने हुड़दंग हुआ, जिससे दिक्कत हुई
अम्बाला में भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा में किसान की मौत पर सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि वे भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष भी थे। जब यात्रा चल रही थी तो ट्रैक्टर के सामने हुड़दंग हुआ। घंटों ट्रैक्टर को चलने नहीं दिया। इससे उनके मन पर प्रभाव पड़ा। इससे जो दिक्कत हुई उसके जिम्मेदार तो वही हैं, जो यात्रा रोक रहें हैं। वहां उत्तेजना फैलाई गई। यदि सामने से ऐसा ही रिएक्शन होगा तो गलत हो जाएगा।