प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:आईपीएस की नौकरी छोड़ आईएएस बने विजय वर्धन प्रदेश के 34वें मुख्य सचिव, केशनी अरोड़ा हुईं रिटायर 5वीं महिला मुख्य सचिव केशनी अरोड़ा हुईं रिटायर, आईएएस ने किया सम्मान समारोहप्रदेश की 5वीं महिला मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा बुधवार को रिटायर हो गईं। आईएएस अफसरों ने उनके सम्मान में विदाई समारोह किया। अब सरकार ने दूसरे सबसे सीनियर 1985 बैच के आईएएस विजय वर्धन को प्रदेश का 34वां मुख्य सचिव बनाया है। उनके पास सामान्य प्रशासन, पर्सनल, ट्रेनिंग, पार्लियामेंट्री अफेयर्स, विजिलेंस, एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म्स विभाग रहेंगे। वे प्लानिंग कॉर्डिनेशन के सचिव भी होंगे।
मूलरूप से लखनऊ के रहने वाले विजय वर्धन का 1984 में आईपीएस के लिए चयन हुआ था। 1985 में ही वे आईएएस बन गए। इतिहास के छात्र रहे विजय वर्धन की संगीत में रुचि है। कई किताबें लिख चुके हैं। डॉक्यूमेंट्री फिल्म में आवाज भी दी है। उनके पिता भी यूपी कैडर के आईएएस रह चुके हैं।
1984 बैच के सबसे सीनियर आईएएस सुनील गुलाटी को सरकार ने किनारे किया हुआ है। अमूमन मुख्य सचिव के बाद दूसरे नंबर के आईएएस को पहले एफसीआर और फिर मुख्य सचिव बनाया जाता है। लेकिन गुलाटी के बजाय पहले वर्धन को एफसीआर बनाया और अब मुख्य सचिव। गुलाटी के पास अभी प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी व हरियाणा मिनरल्स लिमिटेड का चार्ज है। सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव पद के लिए उन्होंने कुछ मंत्रियों से मुलाकात भी की थी। गुलाटी 30 अप्रैल 2021 को रिटायर हो जाएंगे।
कौशल बने एफसीआर, कृषि विभाग देवेंद्र सिंह को मिला
1986 बैच के आईएएस संजीव कौशल को फाइनेंशियल कमिश्नर रेवेन्यू (एफसीआर) की जिम्मेदारी दी है। उनके पास सहकारिता विभाग भी रहेगा। वे तीसरे सबसे सीनियर आईएएस हैं। 30 नवंबर 2021 को विजय वर्धन के रिटायर होने के बाद सीनियरिटी के हिसाब से कौशल अगले मुख्य सचिव बनाए जा सकते हैं। कौशल से कृषि विभाग लेकर 1987 बैच के आईएस देवेंद्र सिंह को दिया है। इनके पास सिंचाई, पब्लिक हेल्थ व स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट पहले से हैं।
स्वास्थ्य के साथ गृह भी संभालेंगे अरोड़ा
स्वास्थ्य विभाग के एसीएस 1987 बैच के आईएएस राजीव अरोड़ा अब होम सेक्रेट्री भी होंगे। हरियाणा भवन नई दिल्ली के चीफ रेजिडेंट्स कमिश्नर, हेल्थ विभाग के एसीएस व कोविड-19 के नोडल ऑफिसर का भी चार्ज रहेगा। पीडब्ल्यूडी उनसे लेकर 1986 बैच के आईएएस आलोक निगम को दिया है। उनके पास वन विभाग व मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग पहले की तरह रहेगा।
धर्मवीर बने चरखी दादरी के डीसी
चरखी दादरी के डीसी आईएएस अधिकारी शिव प्रसाद भी रिटायर हो गए हैं। उनकी जगह नगर निगम यमुनानगर के कमिश्नर धर्मवीर सिंह को चरखी दादरी का नया डीसी बनाया है।