

हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर आरटीए टीम पर हमला:अम्बाला की एडीसी प्रीति की टीम पर ओवरलोडिंग माफिया का हमला, 2 घंटे थाने के बाहर गाड़ी में बैठी रहीं, आधी रात को ओवरलोडिंग माफिया पर केस सब-इंस्पेक्टर को अगवा कर ले गए, बाद में बलदेव नगर से बरामद
जानलेवा हमला, अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं लगी, कई ट्रांसपोर्टर नामजदएडीसी कम आरटीए सचिव प्रीति की टीम पर हुए हमले के मामले में वीरवार आधी रात को पंजोखरा थाने में जान लेवा हमला, अपहरण, मारपीट, साजिश रचने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। केस में बलदेव नगर के कुछ ट्रांसपोर्टर व भारी वाहनों के चालकों समेत 8 लोगों को नामजद करते हुए 50-60 अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है। इससे पहले एडीसी प्रीति करीब दो घंटे तक थाने के बाहर अपनी गाड़ी में बैठीं रहीं। वह तभी थाने में गईं जब मुख्यालय, अम्बाला कैंट और नारायणगढ़ के डीएसपी व कैंट एसडीएम सुभाष सिहाग पहुंचे।
बताते हैं कि एडीसी ने अफसरों के बीच इस बात पर नाराजगी जताई कि उनकी टीम जान पर खेल कर ओवरलोडिंग माफिया से लड़ रही है लेकिन पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। ओवरलोडिंग से जुड़े ट्रांसपोर्टरों व चालकों की पहचान बताए जाने के बावजूद उन्हें पकड़ा नहीं गया। पुलिस अफसरों ने कहा कि चेकिंग पर जाते वक्त उन्हें सूचना दे दें ताकि सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके। सूत्रों के मुताबिक एडीसी अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पहले ही एसपी को पत्र लिख चुकी हैं।
ओवरलोडिड वाहनों के दस्तावेज जब्त किए तो लोगों ने सरकारी गाड़ियों को घेरा
एडीसी आरटीए कार्यालय की टीम के साथ वीरवार को दोपहर में चेकिंग पर निकलीं थी। देर शाम को विवाद होने तक 11 वाहनों के चालान भी काट दिए थे। इसकी सूचना मिलते ही ओवरलोडिड ट्रकों के चालकों ने पंजाब बॉर्डर में हंडेसरा के आसपास अपने ट्रक रोक लिए। एडीसी बॉर्डर पर दो घंटे तक ट्रकों के निकलने का इंतजार करती रहीं। ट्रक वहां से नहीं निकले तो करीब साढ़े 7 बजे टीम के साथ पंजोखरा से हंडेसरा की तरफ गईं। वहां मिले ओवरलोडिड वाहनों के दस्तावेज जब्त किए। तभी काफी लोग पहुंच गए और यूएसए गार्डन के पास सरकारी गाड़ियों को घेर लिया। टीम के कुछ सदस्यों को तो प्रीति अपनी कार में बैठाकर निकल गईं जबकि कुछ भीड़ में फंस गए जो बाद में पैदल ही भागकर पंजोखरा पहुंचे।
बलदेवनगर के ट्रांसपोर्टरों पर केस
आरटीए के सहायक सचिव रूपराम की शिकायत पर पंजोखरा पुलिस ने जानलेवा हमला करने, ट्रांसपोर्ट सब इंस्पेक्टर शेर सिंह का अपहरण करने, आपराधिक षडयंत्र रचने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है। जिन्हें नामजद किया गया है, उनमें बलदेव नगर के ट्रांसपोर्टर व उनके चालक शामिल हैं। शेर सिंह को पुलिस ने देर रात बलदेव नगर से बरामद किया। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर उन्हें अगवा कर ले गए थे। सरकारी वाहन के चालक गुरमीत सिंह का पुलिस ने रात में मेडिकल करवाया। कार्रवाई होने के बाद ही रात को करीब 11 बजे एडीसी थाने से निकलीं।
सरकारी टीम के खिलाफ हंडेसरा थाने में शिकायत
उधर,आरटीए टीम के खिलाफ पंजाब के हंडेसरा थाने में शिकायत दी गई। जिसमें ट्रैक्टर चालक ने आरोप लगाया कि टीम ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि देर रात तक यहां कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। घटनास्थल पर पलटी गई आरटीए कार्यालय की सरकारी बूलेरो को हंडेसरा पुलिस ले गई थी, जिसे देर रात पंजोखरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। अम्बाला के डीसी अशोक शर्मा की ब्रीफिंग के बाद हरियाणा सरकार के अफसरों ने पंजाब के पुलिस अफसरों से भी संपर्क किया।