हम और पावरफुल:अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन में 17 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन में शामिल हुए पांच राफेल, अब फ्रांस और भारत मिलकर बना रहे 6 स्कॉर्पियन सबमरीन राफेल में आई अड़चनों काे मोदी ने तोड़ा: राजनाथ
राफेल के साथ तेजस, सुखोई, जगुआर और ध्रुव ने दिखाई ताकतअम्बाला एयरफोर्स स्टेशन की 17 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन में राफेल विमानों को गुरुवार काे औपचारिक तौर पर शामिल किया गया। राफेल के अलावा तेजस, सुखोई, जगुआर विमानों और ध्रुव हेलिकाॅप्टर की सारंग एयरोबेटिक टीम ने हवा में ताकत का प्रदर्शन किया। समारोह में मुख्यातिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज जिस ताकत को हम अपनी आंखों से देख पा रहे हैं।
उसे पाने की राह में कई अड़चनें आईं, मगर पीएम नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति के सामने वह नेस्तनाबूत हो गईं। हमारी जिम्मेदारी अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि भारत-प्रशांत क्षेत्र और हिंद महासागर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा में भारत व फ्रांस का दृष्टिकोण एक जैसा है। तकनीक हस्तांतरण के तहत 6 स्कॉर्पियन सबमरीन बनाई जा रही हैं। उन्होंने फ्रांस को भारतीय रक्षा सेक्टर में निवेश का न्याेता भी दिया।
पार्ले बोलीं- शेष 31 विमान तय समय पर भारत को सौंपेंगे
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले ने दोनों देशों के मजबूत होते रक्षा संबंधों की बात कही। कहा कि शेष 31राफेल विमान तय समय में भारत को सौंपे जाएंगे। दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ते हैं। 36 राफेल का मतलब बहुत कुछ है। भारत ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विमान लिए हैं। आईएसआईएस के खिलाफ कई टारगेट को राफेल ने सटीकता से भेदा है। फ्रांस सबमरीन निर्माण में भारत की मदद कर रहा है।हर हाल में भारत के साथ खड़े हैं
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले ने कहा कि फ्रांस हर परिस्थिति में भारत के साथ खड़ा रहेगा। फ्रांस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करता है। फ्रांस से करीब 59 हजार करोड़ रुपए की डील के तहत 6 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट समेत 36 विमानों का सौदा हुआ है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई जिसमें फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के अलावा भारत की ओर से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस बिपिन रावत, एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया, रक्षा सचिव डाॅ. अजय कुमार मौजूद रहे।भारत के मास्टर स्ट्रोक पर सीडीएस रावत बोले- देखते जाइए
एयरफोर्स स्टेशन पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत से भास्कर ने लद्दाख में सैनिकों की तैनाती, चीन की बौखलाहट पर सवाल किए। रावत ने कहा, देखते जाइए। क्या भारतीय सेना के मास्टर स्ट्रोक से चीन बैकफुट पर आ गया है, कहा- जो कुछ है आपके सामने है।
वीर भूमि हरियाणा देश की शान: मनोहर लाल
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने अधूरे पड़े मामले का समाधान कर वायु सेना को रफाल दिए हैं। उन्होंने कहा कि सेनाओं के लिए वीर भूमि हरियाणा देश की शान है। सभी युद्धों में अम्बाला छावनी का विशेष महत्व रहा है।