कोरोना दुनिया में:रूस में वैक्सीन ‘स्पूतनिक वी’ को पब्लिक में रिलीज किया गया, यहां 10 लाख से ज्यादा मामले; दुनिया में अब तक 2.74 करोड़ केस दुनिया में 8.96 लाख लोगों की मौत हुई, अब तक 1.95 करोड़ ठीक हुए
अमेरिका में 64 लाख से ज्यादा संक्रमित, अब तक 1.93 लाख की जान गईदुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 74 लाख 79 हजार 207 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 95 लाख 73 हजार 109 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 96 हजार 421 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
रूस ने अपनी कोरोना वैक्सीन ‘स्पूतनिक वी’ को पब्लिक के लिए रिलीज कर दिया है। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। हालांकि, अभी ये नहीं बताया है कि किस तरह से इसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सरकार खुद टीकाकरण कार्यक्रम चलाएगी या फिर इसे मार्केट में उपलब्ध कराया जाएगा।
इस वैक्सीन को रूस की गामलेया नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ इपिडेमियोलॉजी और रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) ने मिलकर बनाया है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने उम्मीद जताई कि कुछ ही महीनों में यहां बहुत से लोगों का टीकाकरण हो सकेगा। देश में कोरोना के 10 लाख 30 हजार 690 मामले आ चुके हैं।
भारत को भी मिल सकती है यह वैक्सीन
भारत सरकार की नजर भी रूसी वैक्सीन पर है। रूस से वैक्सीन के ट्रायल्स से जुड़ा डेटा मांगा गया था। हो सकता है कि ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका के वैक्सीन की ही तरह गामालेया के वैक्सीन का भी भारत में ट्रायल हो। इससे जल्द से जल्द वैक्सीन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।अमेरिका: ट्रम्प बोले- वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने पर माफी मांगे बाइडेन और हैरिस
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा है कि जो बाइडेन और कमला हैरिस को अमेरिकी वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘बाइडेन मूर्ख आदमी हैं… आप जानते हैं। अमेरिका में सबसे कम मृत्युदर है। हम रिकॉर्ड टाइम में वैक्सीन का उत्पादन शुरू करेंगे। बाइडेन तो चाहते हैं कि ‘चाइनावायरस’ हमारे देश की इकोनॉमी बर्बाद कर दे। अमेरिका इस वायरस के सामने सरेंडर कर दे।’’
ट्रम्प ने कहा- हम कोरोना वैक्सीन को लेकर बहुत अच्छा काम किया है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। इसकी वजह से बिडेन और हैरिस वैक्सीन को लेकर भ्रम फैला रहे हैं बेकार के बयान दे रहे हैं। यह देश के लिए खतरनाक है। हैरिस ने रविवार को सीएनएन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह वैक्सीन को लेकर ट्रम्प की बातों पर भरोसा नहीं करती हैं।
इजराइल: 24 घंटे में रिकॉर्ड 3331 नए मामले
इजराइल में 24 घंटे में रिकॉर्ड 3331 नए मामले आए हैं। यहां जब से कोरोना फैला है तब से कभी एक दिन में इतने मामले नहीं आए। इससे पहले तीन सितंबर को 2991 मामले आए थे। देश में अब तक 1 लाख 33 हजार 975 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1026 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में गंभीर मरीजों की संख्या 470 हो गई है और 1 लाख 5 हजार 455 लोग ठीक हो चुके हैं। यहां शाम 7 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक बाहर निकलने पर बैन है।ब्राजील: अब तक 1.27 लाख की मौत
ब्राजील में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 10 हजार 273 नए मामले आए और 310 लोगों की जान गई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 41 लाख 47 हजार 794 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1 लाख 26 हजार 960 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां हफ्ते भर में 6 हजार लोगों ने दम तोड़ा है। देश में अब तक 33 लाख 55 हजार 564 लोग ठीक हो चुके हैं।चीन: 15 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी
चीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 24 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। देश में 85 हजार 134 लोग संक्रमित हुए हैं और 80 हजार 335 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 175 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिसमें दो की हालत गंभीर है।