राष्ट्ररक्षा के यज्ञ में अम्बाला में उतरे रफाल:वायुसेना का हिस्सा बना लड़ाकू विमान रफाल; रक्षामंत्री बाेले- हमें चुनौती देने वाले अब चिंचित हो जाएं सुखाेई के 23 साल बाद वायुसेना में शामिल हुआ नया विमान
एयर चीफ मार्शल समेत तीन अधिकारियों ने किया स्वागतसबसे ताकतवर लड़ाकू विमानाें में शुमार रफाल बुधवार काे भारतीय वायुसेना का हिस्सा बन गया। सुखाेई के 23 साल बाद वायुसेना में नया लड़ाकू विमान आया है। फ्रांस से आए 5 रफाल दाेपहर बाद 3.10 बजे अम्बाला पहुंचे। ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह के नेतृत्व में पायलटों ने रफाल के लिए विशेष ताैर पर तैयार की गई हवाई पट्टी पर लैंडिंग करवाई। रफाल ऐसे समय में मिले हैं, जब लद्दाख में चीन के साथ तनाव बना हुआ है। रफाल को उस माेर्चे पर भेजा जा सकता है।
लैंडिंग से पहले 17 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन के कमांडिंग आफिसर ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह की अगुवाई में 3 रफाल ‘एरो’ फाॅर्मेशन में एयरफोर्स स्टेशन के ऊपर से गुजरे, इसके पीछे 2 रफाल भी थे। विमान लैंड करते ही वॉटर कैनन से सैल्यूट कर नए विमानों स्वागत किया गया।
एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया, वेस्टर्न एयर कमांड के चीफ एयर मार्शल बी सुरेश और अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन के एओसी डीएस जोशी ने 5 रफाल लाने वाले 7 पायलटों का स्वागत किया। अभी कार्यक्रम सादा रखा गया। रफाल को विधिवत रूप से वायुसेना में शामिल करने के लिए 20 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अम्बाला आ सकते हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चीन-पाक महज 200 किमी दूर
अम्बाला एयरबेस से चीन-पाकिस्तान की सीमा करीब 200 किमी दूर है। अम्बाला एयरबेस भारत की पश्चिमी सीमा से 200 किमी दूर है और पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस के नजदीक भी। यहां पर तैनाती से पश्चिमी सीमा पर पाक के खिलाफ तेजी से एक्शन लिया जा सकेगा। अम्बाला एयरबेस से 300 किमी दूर लेह के सामने चीन का गर गुंसा एयरबेस है।
मिसाइल में हम पाकिस्तान से बेहतर
रफाल…मीटियोर मिसाइल 150 किमी व स्कैल्फ मिसाइल 300 किमी तक मार कर सकती हैं।
पाकिस्तानी एफ-16… इसमें सिर्फ एमराम मिसाइलें हैं, जो सिर्फ 100 किमी. तक मार कर सकती हैं।
चीनी जे-20 में 300 किमी तक मार करने वाली पीएल-15 मिसाइलें और 400 किलोमीटर तक मार करने वाली पीएल-21 मिसाइल लगी है।
कांग्रेस ने वायुसेना को बधाई दी
कांग्रेस ने कहा-‘जाबांज लड़ाकुओं को बधाई। आज हर देशभक्त यह जरूर पूछे कि 526 करोड़ रु. का एक रफाल 1670 करोड़ में क्यों? 126 रफाल के बजाय 36 ही क्यों?’ कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में रफाल सौदे में भ्रष्टाचार के आराेप लगाते हुए सरकार को घेरा था। भाजपा ने ‘मैं भी चौकीदार’ कैपेंन से जवाब दिया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी का ट्वीट
राष्ट्ररक्षासमं पुण्यं, राष्ट्ररक्षासमं व्रतम्, राष्ट्ररक्षासमं यज्ञो, दृष्टो नैव
च नैव च। नभः स्पृशं दीप्तम्…स्वागतम्!’
अर्थात्- राष्ट्ररक्षा के समान कोई पुण्य, कोई व्रत, कोई यज्ञ न दिखता है, न है।
गाेल्डन एराे स्क्वाड्रन में शामिल
रफाल अम्बाला स्थित वायुसेना की 17वीं स्क्वाॅड्रन गाेल्डन ऐरो का हिस्सा बन गए हैं। बुधवार काे पहुंचे 5 रफाल में से तीन विमान एक सीट वाले, जबकि दाे डबल सीटर हैं। गाेल्डन ऐराे में 18 रफाल तैनात हाेंगे। इनमें से तीन ट्रेनर और बाकी 15 लड़ाकू विमान हाेंगे।
भारतीय वायुसेना के लिए विमानाें के 42 स्क्वाॅड्रन मंजूर किए गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- ‘सैन्य इतिहास में नए युग की शुरुआत है। हमारी अखंडता को खतरे में डालने की मंशा रखने वालाें काे अब चिंतित हाेना चाहिए।’