कोरोना दुनिया में:ब्रिटेन ने स्पेन को सुरक्षित देशों की लिस्ट से हटाया, यहां से आने वालों को दो हफ्ते का आइसोलेशन जरूरी; दुनिया में 1.63 करोड़ मरीज दुनियाभर में अब तक 6.50 लाख मौतें हुईं, जबकि 99 लाख से ज्यादा ठीक हुए
अमेरिका में 43 लाख से ज्यादा मरीज, अब तक 1.49 लाख लोगों की मौत हुईदुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 1 करोड़ 63 लाख 23 हजार 484 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 99 लाख 84 हजार 449 ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 50 हजार 387 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
ब्रिटेन ने रविवार को स्पेन को सुरक्षित देशों वाली लिस्ट से हटा दिया है। अब ब्रिटेन में स्पेन से लौटने वाले लोगों के लिए दो हफ्ते का आइसोलेशन जरूरी कर दिया गया है। स्पेन में हाल ही में संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ा है। गुरुवार को यहां रिकॉर्ड 971 मामले मिले थे। स्पेन में अब तक तीन लाख से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं।ब्राजील: 24 घंटे में 50 हजार से ज्यादा मामले
ब्राजील में 24 घंटे में 51 हजार 147 से ज्यादा मामले आए और 1211 मौतें हुई हैं। यह लगातार चौथा दिन है जब देश में 50 हजार से ज्यादा मामले मिले हैं। देश में अब संक्रमितों का आंकड़ा 23 लाख 96 हजार 434 हो गया और 86 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।
श्रीलंका: क्वारैंटाइन हुए लोगों को पहले वोट डालने का मौका मिलेगा
श्रीलंका में संक्रमित होने के बाद सेल्फ क्वारैंटाइन हुए या क्वारैंटाइन किए गए लोगों को पहले वोटिंग करने का मौका मिलेगा। यहां संसदीय चुनाव के लिए 5 अगस्त का समय तय है। हालांकि, क्वारैंटाइन लोगों के लिए 31 जुलाई को ही वोटिंग कराई जाएगी। चुनाव आयोग के चेयरमैन महिंदा देशप्रिय ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
वियतनाम: तीन महीने बाद संक्रमण का पहला मामला
वियतनाम में शनिवार को तीन महीने के बाद पहला संक्रमित मिला। 57 साल के इस व्यक्ति को गुरुवार को देनांग शहर में बुखार-सांस लेने में दिक्कत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल संक्रमित की हालत गंभीर है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। सावधानी बरतते हुए देनांग शहर में दोबारा लॉकडाउन लगाया गया है।इजराइल: प्रधानमंत्री नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन
इजराइल में संक्रमितों का आंकड़ा 60 हजार के पार हो गया। बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों ने शनिवार को येरुशलम समेत देश के कई शहरों में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नेतन्याहू कोरोना को रोकने में नाकाम हुए हैं। इजराइल में नेतन्याहू के खिलाफ पिछले हफ्ते से लेकर अब तक तीन बार प्रदर्शन हो चुके हैं। उन पर कोरोना से जुड़े काम में भ्रष्टाचार के आरोप हैं।दक्षिण अफ्रीका: ट्रेड मिनिस्टर संक्रमित
दक्षिण अफ्रीका के ट्रेड मिनिस्टर इब्राहिम पटेल संक्रमित पाए गए हैं। वे देश में संक्रमित होने वाले चौथे मंत्री हैं। कैबिनेट की प्रवक्ता फुमला विलियम्स ने कहा कि मिनिस्टर इब्राहिम ठीक है। वो पॉजिटिव पाए जाने के बाद सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं। वे घर से अपना काम जारी रखेंगे। जो लोग मिनिस्टर के संपर्क में आए थे वे भी सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं। सभी को अपना टेस्ट कराने के लिए कहा गया है।हर पांच हफ्ते में 10 लाख से ज्यादा मामले: डब्ल्यूएचओ
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को कहा कि पांच हफ्तों में हर हफ्ते दुनिया में 10 लाख से ज्यादा मामले सामने आए। 24 जुलाई को सिर्फ एक दिन में ही 2 लाख 80 हजार मामले सामने आए। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, दुनिया के ज्यादातर देश इससे प्रभावित हैं। हालांकि, ज्यादा आबादी वाले देशों में इससे ज्यादा नुकसान हुआ है। ब्राजील और भारत ने एक दिन में मामलों में रिकार्ड बढ़ोतरी होने की पुष्टि की है।मैक्सिको: स्टील प्लांट में काम करने वाले 21 लोगों की मौत
संक्रमण से प्रभावित लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको के एक स्टील प्लांट के 21 लोगों की मौत हो गई। स्टील वर्कर्स ट्रेड यूनियन ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। मरने वालों में स्टाफ के साथ ही कुछ कान्ट्रैक्टर और सप्लायर भी शामिल हैं। मैक्सिको में जून से अचानक नए मामले बढ़ने लगे हैं। अब तक यहां 3 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और 43 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।इटली: मास्क नहीं लगाने पर 85 हजार का जुर्माना
इटली में मास्क नहीं लगाने पर शनिवार को लोगों पर 1,150 अमेरिकी डॉलर (करीब 85 हजार रु.) का जुर्माना लगाया गया। यहां के कैंपेनिया इलाके में तीन लोगों पर जुर्माना लगाया। वहीं, इशचिया आइलैंड के तीन रेस्तरांं में बिना मास्क के नजर लोगों के खिलाफ यह एक्शन लिया गया। इटली में कैँपेनिया में इस हफ्ते सबसे ज्यादा मामले आए हैं। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने जुर्माना लगाने का आदेश जारी किया था।