हरियाणाः अनलॉक-2 का तीसरा दिन / गुड़गांव में होम क्वारैंटाइन मरीजों को खुद सुबह-शाम बुखार, खांसी-जुकाम चैक कर, रखना होगा रिकॉर्ड 10 दिन तक रोज एक बुकलेट में इसे दर्ज करना होगा
इसके बाद डॉक्टरों की टीम फैसला करेगी कि दोबारा टेस्ट होना है या नहींपानीपत/गुड़गांव/फरीदाबाद. प्रदेश में अनलॉक-2 का तीसरा दिन है। जनजीवन सामान्य हो रहा है, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बढ़ते मरीजों के कारण अब गुड़गांव और फरीदाबाद में मरीजों को होम क्वारैंटाइन किया जा रहा है। ऐसे में होम क्वारैंटाइन मरीजों को 10 दिनों तक खुद ही रोज सुबह-शाम अपना तापमान, खांसी-जुकाम, पल्स रेट, गले की खराश से जुड़ी जानकारी एक बुकलेट में भरनी होगी। 10 दिन के बाद इस बुकलेट को देखकर डॉक्टर निर्णय लेंगे कि पीड़ित का दोबारा टेस्ट किया जाए या नहीं। जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता डॉ. जयप्रकाश का कहना है कि ये बुकलेट ऐसे मरीजों को जल्द मिल जाएगी।
गुड़गांव में अब तक सबसे ज्यादा प्राइवेट जॉब वाले संक्रमित
गुड़गांव में मरीजों की संख्या प्रदेश में सबसे ज्यादा है। यहां कुल मरीजों का आंकड़ा 5569 पहुंच गया है। संक्रमित में सबसे ज्यादा 1700 मरीज प्राइवेट जॉब करने वाले हैं। इसके बाद 477 वरिष्ठ नागरिक हैं। व्यवसाय करने वाले 322 लोग हैं। 91 पुलिसकर्मी हैं, जिनमें से 3 दिल्ली पुलिस के हैं। इसके अलावा 11 सुरक्षा गार्ड, 21 सब्जी वाले, 19 बैंककर्मी संक्रमित हो चुके हैं। अभी तक संक्रमित हुए कुल मरीजों में 87 बच्चे भी हैं, जो कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
फरीदाबाद में पेरिस से लौटा यात्री हुआ गायब
फरीदाबाद में वंदेभारत मिशन के तहत पेरिस से लौटा यात्री क्वारैंटाइन सेंटर पहुंचने की बाजए गायब हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने उससे संपर्क किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। भारत मिशन के नोडल अधिकारी राजेश जून की शिकायत पर पल्ला थाना पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यात्री 19 जून को पेरिस से लौटा था। एयरपोर्ट पर क्वारैंटीन होने के लिए सूरजकुंड स्थित हेरमिटेज हट्स को चुना था। उसे 19 से 26 जून तक क्वारैंटीन रहना था, लेकिन वह एयरपोर्ट से निकलने के बाद तय जगह पर पहुंचा ही नहीं।
अब तक 251 मरीजों की कोरोना से मौत
प्रदेश में अभी तक 251 मरीजों की मौत हुई है, इनमें 187 पुरुष और 64 महिला शामिल हैं। अभी तक गुड़गांव में 96, फरीदाबाद में 83, सोनीपत में 18, रोहतक व करनाल में 8-8, पानीपत व हिसार में 7, रेवाड़ी में 5, झज्जर व जींद में 4-4, पलवल, अंबाला व भिवानी में 3-3 तथा नारनौल व चरखी-दादरी में 1-1 मरीज की मौत हो चुकी है।
प्रदेश में ये है कोरोना की स्थिति
प्रदेश में अमेरिका से लौटे 21 लोगों, 14 इटली के नागरिकों और 133 जमातियों को मिलाकर संक्रमितों का आंकड़ा 15,509 पर पहुंच गया। गुड़गांव में 5569, फरीदाबाद में 4028, सोनीपत में 1339, रोहतक में 626, अम्बाला में 344, पलवल में 344, भिवानी में 441, करनाल में 359, हिसार में 250, महेंद्रगढ़ में 276, झज्जर में 297, रेवाड़ी में 314, नूंह में 207, पानीपत में 206, कुरुक्षेत्र में 133, फतेहाबाद में 122, पंचकूला में 119, जींद में 111, सिरसा में 109, यमुनानगर में 105, कैथल में 106, चरखी दादरी में 81 पॉजिटिव मिले।
14 इटली नागरिकों सहित कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 11,019 हो गया है। इनमें गुड़गांव में 4291, फरीदाबाद में 2781, सोनीपत में 844, रोहतक में 533, अम्बाला में 309, पलवल में 245, भिवानी में 185, करनाल में 216, हिसार में 181, महेंद्रगढ़ में 184, झज्जर में 197, रेवाड़ी में 96, नूंह में 166, पानीपत में 123, कुरुक्षेत्र में 104, फतेहाबाद में 92, पंचकूला में 91, जींद में 75, सिरसा में 86, यमुनानगर में 86, कैथल में 54, चरखी दादरी में 45 ठीक हो चुके हैं।