बड़ोदरा की एसपी ने लॉकडाउन में पुलिस रसोई शुरू की, साथियों के साथ मिलकर रोज 1200 जरूरतमंदों के लिए खाना बना रहीं झुंझुनूं. कोरोना संक्रमण के बीच गुजरात के बडोदरा में एक महिला पुलिस अफसर ने पुलिस रसोई शुरू की है। इसे खूब सराहा जा रहा है। शहर की महिला पुलिस ड्यूटी के साथ रोजाना 1200 जरूरतमंदों के लिए खाना बना रही हैं। लॉकडाउन के पहले दिन 25 मार्च से इसकी शुरुआत की गई।
आईपीएस सरोज कुमारी ने पुलिस रसोई की शुरुआत की थी। सरोज ने ही इसकी योजना बनाई और खाने का इंतजाम किया। सरोज राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया, ‘खाने बनाने के लिए हमने राशन और अन्य चीजों को जुटाया। पहले दिन करीब 550 लोगों के लिए खाना तैयार किया।’ इस काम में वे खुद मदद करती हैं। खाना पुलिस की टीम ही बांटती है।
ड्यूटी के बाद रोज 50 महिला पुलिसकर्मी खाना बनाती हैं
रोजाना करीब 50 महिला पुलिसकर्मी एसपी के साथ मिल कर खाना बनाती हैं। आईपीएस सराेज कुमारी के भाई और झुंझुनू के चिड़ावा गांव के उप प्रधान रणधीर सिंह ने बताया कि उनकी बहन की पहल को पूरे गुजरात में सराहा जा रहा है। ड्यूटी के बाद हर महिला पुलिसकर्मी दाे से तीन घंटे का समय पुलिस रसाेई के लिए निकालती हैं, जाे पूरे देश में एक उदाहरण है। सेवा के कारण ही सरोज काे वूमन आईकाॅन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।