नई दिल्ली
प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। इससे पहले पीएम ने शनिवार को कोरोना वायरस को लेकर देश को संबोधित किया था। इतने कम अंतराल में पीएम मोदी ने इससे पहले कभी भी राष्ट्र के नाम संबोधन नहीं दिया। पीएम मोदी अब तक पांच बार राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं ये उनका छठवी बार राष्ट्र के नाम संबोधन होगा।
ट्वीट कर दी जानकारी
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा,” वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण बातें देशवासियों के साथ साझा करूंगा। आज, 24 मार्च रात 8 बजे देश को संबोधित करूंगा।” पीएम मोदी अपने संबोधन में क्या कहेंगे इस बात की जानकारी तो नहीं है लेकिन कयास ये लगाए जा रहे हैं कि पीएम लॉक डाउन के दौरान लोगों के घर से बाहर निकलने पर नाराजगी जाहिर कर सकते हैं। उन्होंने बीते दिन भी ट्वीट कर लोगों से अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
जाहिर कर सकते हैं नाराजगी
पीएम ने शनिवार को देशवासियों से अपील की थी वो घरों पर रहें। हालांकि उन्होंने रविवार को रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू पालन करने की गुजारिश की थी और इसका भरपूर समर्थन मिला था लेकिन सोमवार को भारी संख्या में फिर लोग घरों से बाहर निकल आए। इस बात से पीएम मोदी खासा नाराज भी हुए थे। पीएम मोदी के इस संबोधन को लेकर देशवासी काफी उत्सुक भी हैं तो कुछ डरे भी हुए हैं। पीएम मोदी इससे पहले पांच बार राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं। आज ये उनका छठवां राष्ट्र के नाम संबोधन होगा।